रांची : राजधानी रांची के डोरंडा थाना क्षेत्र में पुलिस ने गौवंशीय पशुओं के अवैध वध के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है। रहमत कॉलोनी स्थित फ्रेंड्स कंपाउंड में छापेमारी कर पुलिस ने 84 गौवंशीय पशुओं को मुक्त कराया है, साथ ही करीब 450 पीस पशु चमड़ा और भारी मात्रा में हड्डियां बरामद की हैं।
कैसे हुआ खुलासा:
23 सितंबर को पुलिस को गश्ती के दौरान सूचना मिली थी कि बड़ा घाघरा के पास रहमत कॉलोनी के एक परिसर में बड़ी संख्या में गौवंश को वध के लिए रख कर लाया गया है। सूचना के बाद SSP के निर्देश पर हटिया DSP नीरज कुमार के नेतृत्व में डोरंडा, धुर्वा, जगन्नाथपुर और अरगोड़ा थाना की टीम और RAF जवानों ने एक साथ छापेमारी की।
कमरे में ठूंस कर रखे थे पशु:
FIR के मुताबिक एक कमरे में 7-8 गौवंश को ठूंस कर रखा गया था। कुल बरामद 84 पशुओं में 39 गाय, 16 बाछी, 15 बाछा और 14 बैल शामिल हैं। मौके से 450 चमड़े और भारी मात्रा में हड्डियां मिलीं, जिसकी जब्ती सूची बनाई गई है। पशु चिकित्सक मौके पर नहीं होने से सैंपल बाद में लिया गया।
34 नामजद, 25 अज्ञात पर केस:
डोरंडा थाना कांड संख्या 229/26 में पुलिस ने 34 लोगों को नामजद किया है। इनमें मुख्य रूप से मिन्हाज कुरैशी, अकबर कुरैशी, अफसर कुरैशी, असगर कुरैशी, सोनू कुरैशी, अरमान अली समेत कुरैशी मोहल्ला डोरंडा के लोग शामिल हैं, इसके अलावा 20-25 अज्ञात लोगों पर भी FIR दर्ज है। पुलिस ने BNS की संबंधित धाराओं, पशु क्रूरता अधिनियम 1960 और Jharkhand Bovine Prohibition of Slaughter Act 2005 के तहत मामला दर्ज किया है। बरामद 84 पशुओं को कागजी कार्रवाई के बाद ग्रामीणों को जिम्मेनामा पर सौंप दिया गया है। पुलिस अब जांच कर रही है कि पशु कहाँ से लाए गए थे और चमड़ा-हड्डी का नेटवर्क कहाँ तक फैला है।

0 Comments