Hot Posts

6/recent/ticker-posts

रांची के ओरमांझी में शराब दुकान में बंदरिया का हाई-वोल्टेज ड्रामा, बोतल तोड़ पी गई दारू फिर पेटियों पर ही सो गई

रांची/ओरमांझी : झारखंड की राजधानी रांची से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। ओरमांझी प्रखंड मुख्यालय के पास बांके बिहारी मार्केट, ब्लॉक चौक स्थित अंग्रेजी शराब दुकान में शुक्रवार शाम करीब 7:30 बजे एक बंदरिया घुस गई और जमकर उत्पात मचाया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुकान में घुसते ही बंदरिया ने काउंटर पर रखी शराब की बोतलें तोड़ दीं। इसके बाद उसने एक बोतल खोलकर शराब पीनी शुरू कर दी। देखते ही देखते उसे नशा चढ़ गया और वह दुकान के अंदर ही उछल-कूद करने लगी। सेल्समैनों ने उसे भगाने की कोशिश की तो नशे में धुत बंदरिया ने उन पर हमला कर दिया। हमले में एक सेल्समैन के हाथ-पैर में चोट आई है, जिसे स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

करीब आधे घंटे तक दुकान में अफरा-तफरी का माहौल रहा। आखिर में नशा ज्यादा चढ़ने पर बंदरिया शराब की पेटियों पर ही बेहोश होकर सो गई। सेल्समैनों ने इस पूरे वाकये का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। स्थानीय लोगों ने बताया कि बंदरिया गर्भवती थी। वीडियो में वह नशे में झूमती, उछलती और फिर दुकान में ही सोती हुई नजर आ रही है।

वीडियो वायरल - घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से फैल रहा है, लोग इसे शेयर कर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।

Post a Comment

0 Comments