Hot Posts

6/recent/ticker-posts

चौपारण में धूमधाम से मनाया गया जैन समाज का पर्युषण पर्व, रथ यात्रा में उमड़ा आस्था का सैलाब

कृष्णा कुमार कुशवाहा 

चौपारण (हजारीबाग) : जैन धर्म के पवित्रतम पर्व पर्युषण को चौपारण में जैन समाज ने असीम श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाया। पर्व को लेकर समाज के महिला-पुरुषों से लेकर बच्चों तक में विशेष उत्साह देखा गया। धर्ममय आयोजन के अंतर्गत प्रातःकालीन पूजा-अर्चना, धार्मिक अनुष्ठान एवं भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया। तत्पश्चात भगवान की प्रतिमा को पुष्पों से सुसज्जित आकर्षक रथ में विराजमान कर गाजे-बाजे के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली गई। जयकारों से गूंजता नगर : रथ यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरी, जिसमें जैन समाज के सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए। हाथों में ध्वज लिए बच्चे और भक्ति में लीन श्रद्धालुओं ने "भगवान महावीर की जय" के उद्घोष से वातावरण को भक्तिमय कर दिया। मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर भगवान के दर्शन किए।

इस अवसर पर समाज के प्रबुद्धजनों ने कहा कि पर्युषण आत्मशुद्धि, आत्मचिंतन और प्रायश्चित का पर्व है। यह पर्व भगवान महावीर के अहिंसा, सत्य, अस्तेय, ब्रह्मचर्य और अपरिग्रह के पंच सिद्धांतों को जीवन में आत्मसात करने की प्रेरणा देता है। कार्यक्रम का समापन आपसी क्षमायाचना और विश्व-बंधुत्व के संदेश के साथ हुआ। समाज के लोगों ने सौहार्द, भाईचारा और सामाजिक समरसता बनाए रखने का संकल्प लिया।

Post a Comment

0 Comments