कृष्णा कुमार कुशवाहा
चौपारण हजारीबाग : चौपारण के लिए करमा की खुशी उस वक्त मातम में बदल गई जब बरही थाना क्षेत्र के मोहगडा के समीप एनएच-19 पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में चौपारण के डुमरी गांव के एक युवक की मौत हो गई। मृतक अपने परिवार का इकलौता बेटा और मुख्य कमाऊ सदस्य था। मृतक की पहचान माइकल कुमार के रूप में हुई है। बताया गया कि माइकल कोलकाता में मजदूरी करता था और मंगलवार सुबह ही काम से अपने गांव लौटा था। घर पहुंचने के बाद वह एक दोस्त के साथ बाइक पर पीछे बैठकर कहीं जा रहा था। इसी दौरान मोहगडा के पास एक अज्ञात वाहन ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। सड़क पर गिरने के बाद माइकल वाहन की चपेट में आ गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहे युवक को मामूली चोटें आई हैं।
सूचना पर बरही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बरही अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक को जब्त कर थाना ले गई है। इकलौते बेटे की मौत से टूटा परिवार माइकल अपने माता-पिता का इकलौता बेटा और तीन बहनों का इकलौता भाई था। पिता मजदूरी करते हैं और मां गृहिणी हैं। परिवार की पूरी आर्थिक जिम्मेदारी माइकल पर ही थी। बेटे की मौत की खबर के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। करमा पर्व के दिन हुई इस घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है। मुआवजे की मांग को लेकर प्लांट पहुंचे ग्रामीण खबर लिखे जाने तक मृतक के परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण पांडेयबारा प्लांट पर शव रखकर मुआवजे की मांग कर रहे थे। ग्रामीणों ने मृतक के आश्रितों को उचित मुआवजा देने की मांग की है। उनका कहना है कि परिवार के कमाऊ सदस्य की मौत से परिजनों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।

0 Comments