कृष्णा कुमार कुशवाहा
चतरा : चतरा जिले के मयूरहंड थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक मामला सामने आया है। यहां 18 माह के एक बच्चे की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। परिजनों ने मेडिकल संचालक पर गलत दवा देने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया, वहीं संचालक ने बच्चे की मौत पानी में गिरने से होना बताया है। जानकारी के अनुसार, मृत बच्चे की पहचान पत्थलगडा प्रखंड के बिरहू पंचायत के 18 माह के बेटे विवान कुमार के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार बच्चे को सर्दी, खांसी और बुखार की शिकायत थी। रविवार को उसे करमा चौक स्थित एक मेडिकल सह अस्पताल ले जाया गया, जहां संचालक अजय कुमार ने बच्चे को दवा दी। परिजनों का आरोप है कि दवा देने के करीब पांच मिनट बाद ही बच्चे की हालत बिगड़ गई और कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई। मौत के बाद परिजनों ने मेडिकल संचालक पर गलत दवा देकर मारने का आरोप लगाया।
मामले की सूचना मिलने पर महुआडांड़ थाना प्रभारी राहुल कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाकर शांत कराया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं मेडिकल संचालक अजय कुमार ने परिजनों के आरोपों को गलत बताया है। उनका कहना है कि जब परिजन बच्चे को लेकर पहुंचे, तब उन्होंने बताया कि बच्चा पानी में गिर गया था। संचालक के अनुसार बच्चे का पेट फूला हुआ था, जिसके बाद उन्होंने उसे रेफर किया था, ले जाने की सलाह दी थी। घटना के बाद पुलिस ने मेडिकल संचालक को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। पूरे मामले की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट हो पाएगा और उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

0 Comments