कृष्णा कुमार कुशवाहा
बरही/पदमा: झारखण्ड सशस्त्र पुलिस-07, पदमा, हजारीबाग में सोमवार दिनांक 21.09.2026 को अलंकरण समारोह (पिपिंग सेरेमनी) का आयोजन किया गया। समादेष्टा श्री अविनाश कुमार, JAP-07, हजारीबाग द्वारा समादेष्टा कार्यालय कक्ष में अवर निरीक्षक (सशस्त्र) पद से निरीक्षक (सशस्त्र) के पद पर प्रोन्नति के उपरांत JAP-07 में योगदान देने वाले पांच पदाधिकारियों को बैज एवं स्टार लगाकर सम्मानित किया गया। प्रोन्नत पदाधिकारियों में श्री हरि तिवारी, श्री कुमार पुरुषोत्तम सिंह, श्री मनोज कुमार, श्री छोटू लाल मरांडी एवं श्री अरुण कुमार शामिल हैं। इस अवसर पर समादेष्टा श्री अविनाश कुमार ने सभी नवप्रोन्नत पदाधिकारियों के कंधे पर बैज और स्टार लगाकर उन्हें सम्मानित किया। समारोह में JAP-07 के पुलिस उपाधीक्षक श्री राजेन्द्र कुमार दुबे एवं अन्य कनीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।
समारोह को संबोधित करते हुए समादेष्टा श्री अविनाश कुमार ने कहा कि पदोन्नति के साथ ही किसी भी पदाधिकारी की जिम्मेदारियां और जवाबदेही पहले से और अधिक बढ़ जाती हैं। उन्होंने कहा कि एक पदाधिकारी को अपने अधीनस्थ कर्मियों के बीच अनुशासन बनाए रखते हुए अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना होता है। उन्होंने कहा कि एक कुशल पदाधिकारी वही होता है, जो राष्ट्रहित एवं विभागीय प्रतिष्ठा के साथ-साथ अपने अधीनस्थ कर्मियों के हितों का भी ध्यान रखते हुए टीम को अनुशासित और संगठित रखकर अपने कर्तव्यों का सही ढंग से निर्वहन करता है। उन्होंने इस समारोह में उपस्थित अन्य पदाधिकारियों को भी कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण भाव से करने हेतु प्रेरित किया। अंत में समादेष्टा श्री अविनाश कुमार द्वारा सभी नवप्रोन्नत पदाधिकारियों को उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए शुभकामनाएं और बधाई दी गई।

0 Comments