पांच नामजद शराब तस्करों और 6 बाइक मालिकों पर प्राथमिकी
कृष्णा कुमार कुशवाहा
चौपारण(हजारीबाग) : अवैध महुआ शराब की तस्करी के खिलाफ चौपारण थाना के थाना प्रभारी पंकज कुमार के नेतृत्व में चौपारण पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत ग्राम अम्बातरी के नदी क्षेत्र के आसपास पुलिस ने छापेमारी कर करीब 285 लीटर अवैध महुआ शराब से लदी छह मोटरसाइकिलों को जब्त किया हैं। पुलिस द्वारा जप्त की गई सभी मोटरसाइकिलें चोरी की है जिनका प्रयोग अवैध शराब की तस्करी में शराब तस्करों के द्वारा किया जा रहा था। पुलिस की कार्रवाई के दौरान शराब तस्कर मोटरसाइकिल छोड़कर नदी की ओर भाग निकले। जब्त वाहनों की जांच में सभी छह मोटरसाइकिल चोरी की पाई गईं। इस संबंध में बताया गया कि बीते शनिवार को हजारीबाग के पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि चौपारण थाना क्षेत्र के ग्राम अम्बातरी से चोरी की मोटरसाइकिलों के जरिए अवैध महुआ शराब की ढुलाई कर उसे बिहार भेजा जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए चौपारण थाना पुलिस के द्वारा टीम गठित कर तत्काल छापेमारी की गई। छापेमारी दल ने अम्बातरी गांव के नदी क्षेत्र के आसपास कार्रवाई शुरू की। पुलिस को देखते ही शराब तस्कर मोटरसाइकिलें छोड़कर नदी की ओर भाग गए। मौके से पुलिस ने 02 स्प्लेंडर, 02 होंडा साइन, 01 ग्लैमर और 01 टीवीएस मोटरसाइकिल, जिन पर शराब लदी थी, जब्त कर ली।
चोरी की निकली सभी जब्त बाइक:
जब्त मोटरसाइकिलों के इंजन, चेचिस और रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर पुलिस ने जांच की। जांच में सभी छह मोटरसाइकिलों के चोरी की होने की पुष्टि हुई। मामले में चौपारण थाना में सुसंगत धाराओं के तहत 5 नामजद शराब तस्करों और 6 मोटरसाइकिल मालिकों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। मौके पर छापेमारी में थाना प्रभारी पंकज कुमार, पुअनि सुविन्द्र राम, पुअनि सुनील कुमार सिंह, सअनि बादल कुमार महतो एवं चौपारण थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। वहीं पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध शराब के कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस फरार शराब तस्करों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए अग्रेतर कार्रवाई कर रही है।

0 Comments