Hot Posts

6/recent/ticker-posts

फर्जी हस्ताक्षर से स्कूल खाते से 1.50 लाख निकासी का आरोप

प्रधानाध्यापक पर विद्यालय अध्यक्ष ने लगाया वित्तीय अनियमितता का आरोप, डीईओ और उपायुक्त से जांच की मांग 

कृष्णा कुमार कुशवाहा 

चौपारण (हजारीबाग) : प्रखंड के उत्क्रमित उच्च विद्यालय बरहमौरिया में वित्तीय अनियमितता का सनसनीखेज मामला सामने आया है। विद्यालय के अध्यक्ष दिनकर कुमार मिश्रा ने प्रधानाध्यापक भगीरथ रविदास पर फर्जी हस्ताक्षर के सहारे विद्यालय के बैंक खाते से 1.50 लाख रुपये निकालने का गंभीर आरोप लगाया है। इस संबंध में विद्यालय अध्यक्ष ने जिला शिक्षा पदाधिकारी, हजारीबाग एवं उपायुक्त, हजारीबाग को लिखित आवेदन देकर निष्पक्ष जांच और न्याय की गुहार लगाई है। आवेदन में जांच में आरोप सही पाए जाने पर प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है।आवेदन के अनुसार विद्यालय के बैंक खाते के संचालन में विद्यालय अध्यक्ष का हस्ताक्षर अनिवार्य है। अध्यक्ष का आरोप है कि वित्तीय अभिलेखों की जांच के दौरान उन्हें कुछ ऐसे कागजात मिले जिन पर उनके नाम से हस्ताक्षर अंकित था, जिसे उन्होंने अपना हस्ताक्षर होने से इंकार करते हुए फर्जी बताया है। आरोप है कि इसी कथित फर्जी हस्ताक्षर के आधार पर कुल 1.50 लाख रुपये की निकासी की गई।अध्यक्ष ने कहा कि विद्यालय खाते की राशि विद्यार्थियों के हित, विद्यालय के विकास और शैक्षणिक गतिविधियों के लिए है। इस राशि का अनियमित तरीके से निकाला जाना गंभीर मामला है। उन्होंने शिकायत के साथ कथित फर्जी हस्ताक्षर वाले दस्तावेजों की छायाप्रति संलग्न कर बैंक स्टेटमेंट, निकासी अभिलेखों और विद्यालय के समस्त वित्तीय रिकॉर्ड की जांच की मांग की है। इधर, इस मामले में प्रधानाध्यापक भगीरथ रविदास का पक्ष समाचार लिखे जाने तक सामने नहीं आया है। लगाए गए आरोप फिलहाल विद्यालय अध्यक्ष के आवेदन पर आधारित हैं। अब देखना होगा कि शिक्षा विभाग इस शिकायत पर क्या कार्रवाई करता है और बैंक रिकॉर्ड की जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं।



Post a Comment

0 Comments