कृष्णा कुमार कुशवाहा
विष्णुगढ़ (हजारीबाग) : प्रखंड के बनासो स्थित समित मेमोरियल शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय में सोमवार को कर्मा महोत्सव हर्षोल्लास एवं पारंपरिक उत्साह के साथ मनाया गया। प्रकृति, लोकसंस्कृति और भाई-बहन के स्नेह के प्रतीक कर्मा पर्व को लेकर कॉलेज परिसर में दिन भर उत्सवी माहौल बना रहा। कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक रीति-रिवाज के साथ दीप प्रज्वलन से हुई। इसके पश्चात कर्मा पर्व की सांस्कृतिक और सामाजिक महत्ता पर चर्चा की गई। शिक्षकों एवं प्रशिक्षुओं ने कर्मा पर्व के पीछे निहित प्रकृति संरक्षण और पारिवारिक सौहार्द के भाव को विस्तार से समझाया।लोकपर्व संस्कृति और संस्कारों के संवाहक हैं। इस अवसर पर महाविद्यालय की प्रभारी प्राचार्य, आईक्यूएसी कोऑर्डिनेटर एवं एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. कुमारी गोल्डना मिश्रा ने कहा कि लोकपर्व केवल उत्सव के माध्यम नहीं हैं, बल्कि समाज की संस्कृति, परंपरा, प्रकृति के प्रति सम्मान और सामाजिक मूल्यों को अगली पीढ़ी तक पहुँचाने के सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षक-प्रशिक्षु भविष्य में विद्यार्थियों के मार्गदर्शक बनेंगे, इसलिए उनका दायित्व केवल पाठ्यक्रम तक सीमित नहीं है, बल्कि बच्चों को अपनी संस्कृति और विरासत से परिचित कराना भी उनकी जिम्मेदारी है।
0 Comments