Hot Posts

6/recent/ticker-posts

पलामू में इंसानियत शर्मसार: जन्म के 3 घंटे बाद ही नवजात बेटी को देवी मंदिर में बलि देने पहुंची मां, खेत की मेड़ पर मिली नग्न अवस्था में

पलामू / छतरपुर : तस्वीर में दिख रही ये नन्ही जान एक नवजात बेटी है। जन्म को महज 3 घंटे हुए हैं, नाल तक नहीं कटा है। और जिसे मां की गोद की गर्माहट मिलनी चाहिए थी, उसे मिला खेत की ठंडी मेड़, तेज बारिश और ठिठुरती रात। मामला झारखंड के पलामू जिले के छतरपुर थाना क्षेत्र के मनहूं गांव का है। शुक्रवार रात करीब 9 बजे की घटना है। बताया जा रहा है कि बच्ची को उसकी मां और दो अन्य महिलाओं के साथ कथित तौर पर देवी मंदिर में बलि देने के लिए लाया गया था।

 मंदिर के पास पूजा की सामग्री - सिंदूर, टिकली, कंघी और अन्य सामान भी मिला है। न शरीर पर एक कपड़ा था, न सिर पर छत। धान के खेत की मेड़ पर पड़ी वो मासूम ठंड से तड़प रही थी। ग्रामीणों को बच्ची की बलि दिए जाने का शक हुआ। गांव के कुछ युवकों ने शोर मचाया तो दो महिलाएं अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकलीं, जबकि एक महिला को ग्रामीणों ने पकड़ लिया।

पांचवीं संतान है बच्ची

बताया गया कि जिस महिला ने बच्ची को जन्म दिया है, उसके पहले से दो बेटे और दो बेटियां हैं। यह उसकी पांचवीं संतान है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने नवजात को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां वह जिंदगी और मौत से जूझ रही है। पुलिस ने पकड़ी गई महिला से पूछताछ शुरू कर दी है। हालांकि बच्ची को मंदिर के पास ले जाने के पीछे असल मंशा क्या थी, इसकी आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो पाएगी। फिलहाल इस घटना ने पूरे इलाके में इंसानियत को झकझोर कर रख दिया है।

Post a Comment

0 Comments