Hot Posts

6/recent/ticker-posts

चौपारण में ज्वेलरी दुकान में बड़ी डकैती, छह नकाबपोशों ने परिवार को बंधक बनाकर लूटे लाखों के जेवर

कृष्णा कुमार कुशवाहा 

चौपारण (हजारीबाग) : सिंघरावां मोड़ से करीब 200 मीटर दूर लराही रोड पर स्थित वैष्णवी ज्वेलर्स में शुक्रवार देर रात हथियारबंद अपराधियों ने बड़ी डकैती की वारदात को अंजाम दिया। करीब छह की संख्या में आए नकाबपोश अपराधियों ने दुकान संचालक के घर में घुसकर पूरे परिवार को बंधक बना लिया और लाखों रुपये नकद व सोने-चांदी के जेवरात लूटकर फरार हो गए। दुकान संचालक राजेश कुमार के अनुसार, रात करीब एक बजे अपराधी बगल में रखी सीढ़ी के सहारे घर के पिछले दरवाजे से अंदर दाखिल हुए। छत के ऊपर कमरे में सो रहे उनके बेटे निखिल की कनपटी पर बंदूक रखकर अपराधियों ने उसके माता-पिता को जगवाया। इसके बाद सभी परिजनों को आंगन में खड़ा कर हाथ-पैर बांध दिए गए और तिजोरी की चाबी मांगी गई। विरोध करने पर मारपीट भी की गई।

अपराधियों ने घर और दुकान में रखे एक-एक लॉकर व अलमारी खुलवाकर नकदी और जेवर समेट लिए। इतना ही नहीं, परिवार के सदस्यों के गले में पहने हुए जेवर भी छीन लिए गए। करीब डेढ़ घंटे तक लूटपाट करने के बाद सभी को एक कमरे में बंद कर अपराधी मौके से भाग निकले। सभी के चेहरे पर नकाब था और उनके पास पिस्टल व चाकू थे। वारदात के दौरान अपराधी परिवार के दो मोबाइल फोन भी ले गए थे। एक मोबाइल आसपास ही फेंका हुआ मिला, जबकि दूसरे मोबाइल का लोकेशन गुरपा-गझंडी क्षेत्र में स्विच ऑफ मिला है। सूचना मिलते ही बरही एसडीपीओ राधा प्रेम किशोर, बरही थाना प्रभारी बिनोद यादव, चौपारण थाना प्रभारी पंकज कुमार और गोरहर थाना प्रभारी रविरंजन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और अपराधियों की धरपकड़ के लिए छापेमारी कर रही है। लूटी गई रकम और जेवरात की कुल कीमत का सही आकलन पुलिस जांच और पीड़ित परिवार से मिली जानकारी के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

Post a Comment

0 Comments