गिरिडीह : झारखंड की पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) तदाशा मिश्रा शुक्रवार को गिरिडीह पहुंचीं। यहां उन्होंने दिवंगत मंत्री और गिरिडीह सदर विधायक सुदिव्य कुमार सोनू के आवास जाकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। डीजीपी ने दिवंगत नेता के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उनकी आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। गिरिडीह आगमन पर जिले के वरीय पुलिस अधिकारियों ने डीजीपी का औपचारिक स्वागत किया। इसके बाद वे सीधे दिवंगत विधायक के आवास के लिए रवाना हुईं।श्रद्धांजलि देने के उपरांत डीजीपी तदाशा मिश्रा ने दिवंगत सुदिव्य कुमार सोनू के परिजनों से मुलाकात की और इस अपूरणीय क्षति पर अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की। शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाते हुए डीजीपी ने कहा, "दुख की इस कठिन घड़ी में पूरा पुलिस प्रशासन परिवार के साथ मुस्तैदी से खड़ा है।" परिजनों से बातचीत के दौरान वहां मौजूद सभी लोगों की आंखें नम हो गईं और पूरे माहौल में शोक व भावुकता की लहर देखने को मिली। इस दौरान जिले के तमाम वरिष्ठ पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी भी डीजीपी के साथ मौजूद रहे।