Hot Posts

6/recent/ticker-posts

तेज आंधी–बारिश ने रोकी रांची की रफ्तार, लालपुर न्यूक्लियस मॉल के पास गिरा मोनोपोल बोर्ड



रांची: राजधानी रांची में मंगलवार देर शाम आई तेज आंधी और बारिश ने कई इलाकों में जनजीवन प्रभावित कर दिया. शहर के विभिन्न हिस्सों में पेड़ गिरने, विज्ञापन बोर्ड क्षतिग्रस्त होने और सड़क बाधित होने की घटनाएं सामने आईं.

कांके रोड स्थित न्यूक्लियस मॉल-2 के समीप एक बड़ा मोनोपोल विज्ञापन बोर्ड गिर गया. जिसके बाद इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई. हालांकि राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है.

इस घटना की जानकारी मिलते ही रांची नगर निगम प्रशासन सक्रिय हो गया. नगर आयुक्त सुशांत गौरव के निर्देश पर निगम की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और सुरक्षा के मद्देनजर गिरे हुए मोनोपोल ढांचे को हटाने का कार्य शुरू कराया गया. निगम की ओर से कहा गया कि आम लोगों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए तेजी से कार्रवाई की गई.

इधर, शहर के कई अन्य इलाकों में भी तेज हवा और बारिश के कारण पेड़ गिरने की घटनाएं हुईं. कुछ स्थानों पर सड़कों पर बड़े पेड़ गिरने से यातायात प्रभावित रहा. वहीं कुछ इलाकों से ऐसी भी सूचना मिली है कि खड़ी गाड़ियों पर पेड़ गिरने से वाहन क्षतिग्रस्त हुए हैं. स्थानीय लोगों को देर शाम तक आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ा.

रांची नगर निगम ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विज्ञापन एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू करने की बात कही है. निगम प्रशासन ने संबंधित शाखा के अधिकारियों को एजेंसी से स्पष्टीकरण लेने और मोनोपोल संरचना की तकनीकी जांच कर दो दिनों के भीतर विस्तृत प्रतिवेदन सौंपने का निर्देश दिया है. नगर निगम ने साफ किया है कि सार्वजनिक सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा. यदि जांच में लापरवाही सामने आती है तो संबंधित एजेंसी और जिम्मेदार पक्षों पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी.

Post a Comment

0 Comments