New Delhi: आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने राम मंदिर से जुड़े कथित अनियमितताओं के मुद्दे पर रविवार को सुंदरकांड पाठ और देशव्यापी सिग्नेचर अभियान शुरू करने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि 12 जुलाई को सुबह 10 बजे दिल्ली के रोहिणी सेक्टर-10 स्थित जापानी पार्क (जेएमडी टेंट) में सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद भगवान हनुमान का आशीर्वाद लेकर देशभर में हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा।
आरोपों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए- केजरीवाल
पार्टी मुख्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में केजरीवाल ने आरोप लगाया कि पिछले कुछ समय की घटनाएं यह दर्शाती हैं कि राम मंदिर में कथित गड़बड़ियों के आरोपों में शामिल लोगों को बचाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि जमीन खरीद, निर्माण कार्यों और चढ़ावे से जुड़े मामलों में लगाए गए आरोपों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उनका कहना था कि उपलब्ध दस्तावेजों के बावजूद न तो समुचित जांच हो रही है और न ही जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
केजरीवाल ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य लोगों को इस मुद्दे पर अपनी आवाज उठाने के लिए जोड़ना है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं और राम भक्तों से अधिक संख्या में सुंदरकांड पाठ में शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि पाठ के बाद इस विषय पर चर्चा की जाएगी और आगे की रणनीति तय की जाएगी।
उन्होंने बताया कि अभियान के तहत प्रधानमंत्री के नाम एक पत्र पर राम भक्तों और आम नागरिकों से हस्ताक्षर कराए जाएंगे। इसके बाद ये पत्र प्रधानमंत्री को भेजे जाएंगे। केजरीवाल ने कहा कि यह केवल आम आदमी पार्टी का अभियान नहीं होगा, बल्कि देशभर के वे सभी श्रद्धालु इसमें भाग ले सकते हैं जो इस पूरे घटनाक्रम से आहत हैं।
उन्होंने कहा कि दिल्ली समेत देशभर में विभिन्न स्थानों पर हनुमान चालीसा का पाठ और भगवान राम की आरती का आयोजन भी किया जाएगा। इसके बाद हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा। केजरीवाल ने लोगों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस अभियान से जुड़ें और अपनी भागीदारी दर्ज कराएं।

0 Comments