चौपारण : चौपारण थाना क्षेत्र के अलग-अलग गांवों में एक ही रात चोरी की दो घटनाएं हुईं। चोरों ने एक ओर घर के बाहर खड़ी बोलेरो चोरी कर ली। दूसरी ओर एक घर का ताला तोड़ कर करीब डेढ़ लाख रुपये के जेवरात समेत अन्य कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से क्षेत्र के लोगों में चिंता बढ़ गयी है। पहली घटना जीटी रोड स्थित महुदीबारा की है। यहां विद्यासागर सिंह के घर के पास खड़ी बोलेरो चोरी हो गयी। इस संबंध में विद्यासागर सिंह ने थाने में आवेदन देकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। आवेदन में उन्होंने बताया कि बोलेरो वाहन (जेएच 02पी 9262) रोज की तरह घर के दरवाजे के सामने खड़ा था। रात में परिवार के सभी सदस्य घर के अंदर सो रहे थे।
मंगलवार की सुबह जब वे उठे, तो बोलेरो गायब मिला।वहीं, दूसरी घटना डोड़िया-कुबरी गांव की है। यहां धीरेंद्र सिंह के घर का ताला तोड़ कर चोरों ने जेवरात समेत अन्य कीमती सामान की चोरी कर ली। धीरेंद्र सिंह के अनुसार, परिवार के सभी सदस्य रात में एक कार्यक्रम में शामिल होने गये थे। सुबह घर लौटने पर देखा कि घर का ताला टूटा हुआ है और अंदर सामान बिखरा है। जांच-पड़ताल करने पर घर में रखे जेवरात समेत अन्य कीमती सामान गायब मिले। चोरी गये सामान की अनुमानित कीमत करीब डेढ़ लाख रुपये बतायी जा रही है। एक ही रात में चोरी की दो घटनाओं से क्षेत्र में दहशत है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने और आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई करने की मांग की है।
0 Comments