कृष्णा कुमार कुशवाहा
चौपारण, हजारीबाग। चौपारण के चतरा मोड़ पर शुक्रवार की शाम एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। चतरा से बिहार जा रहा सीट लदा एक टेलर टायर फटने के बाद अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे में टेलर के चालक और उपचालक घायल हो गए, जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चौपारण में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार दोनों खतरे से बाहर हैं। बताया जाता है कि टेलर संख्या NL 01 AD 9206 तेज गति से चतरा मोड़ पर पहुंचा था। मोड़ काटने के दौरान अचानक टायर फट गया, जिससे चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा।
पलटते ही जोरदार आवाज हुई, जिससे आसपास अफरा-तफरी मच गई। शाम का समय होने के कारण मोड़ पर काफी भीड़ थी, लेकिन गनीमत रही कि टेलर की चपेट में कोई राहगीर नहीं आया। घटना के तुरंत बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और राहत कार्य में जुट गए। लोगों ने केबिन में फंसे दोनों घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि चतरा मोड़ पर शाम के समय यातायात व्यवस्था पूरी तरह अव्यवस्थित रहती है। तेज रफ्तार भारी वाहनों पर कोई अंकुश नहीं है। ग्रामीणों ने प्रशासन से यहां स्थायी पुलिस तैनाती और स्पीड नियंत्रक उपाय करने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी बड़ी अनहोनी से बचा जा सके।

0 Comments