चौपारण(हजारीबाग)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) की प्रादेशिक कार्यकारी परिषद की बैठक 6 एवं 7 अक्टूबर को रांची स्थित रानी सती मंदिर धर्मशाला में आयोजित हुई। बैठक में संगठन के राष्ट्रीय एवं प्रांतीय पदाधिकारियों के साथ विभिन्न जिलों और केंद्रों से आए कार्यकर्ता शामिल हुए। बैठक के समापन सत्र में संगठनात्मक दायित्वों की घोषणा की गई। इस दौरान कोडरमा केंद्र के संगठन मंत्री एवं चौपारण निवासी अंशुल सिन्हा को रांची प्रांत कार्यालय सह मंत्री का दायित्व सौंपा गया। नई जिम्मेदारी मिलने से चौपारण सहित क्षेत्र के अभाविप कार्यकर्ताओं और समर्थकों में हर्ष का माहौल है। बैठक में राष्ट्रीय सह-संगठन मंत्री गोविंद नायक, बिहार-झारखंड क्षेत्रीय संगठन मंत्री प्रदीप शेखावत, प्रदेश अध्यक्ष डॉ. मौसमी पाल, प्रदेश मंत्री प्रकाश टूटी, प्रदेश संगठन मंत्री पशुपतिनाथ उपमन्यु समेत विभिन्न जिलों एवं केंद्रों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।अंशुल सिन्हा लंबे समय से अभाविप से जुड़कर छात्रहित, विद्यार्थी संपर्क, सदस्यता अभियान, संगठन विस्तार और कार्यकर्ता निर्माण जैसे कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। उन्होंने विभिन्न महाविद्यालयों एवं शैक्षणिक संस्थानों में विद्यार्थियों के बीच संगठन की गतिविधियों और विचारों को पहुंचाने के साथ संगठन को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य किया है। नई जिम्मेदारी मिलने पर अभाविप कार्यकर्ताओं एवं शुभचिंतकों ने अंशुल सिन्हा को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यकर्ताओं ने कहा कि अंशुल की सक्रियता, अनुभव और संगठन के प्रति समर्पण से रांची प्रांत के संगठनात्मक एवं कार्यालयी कार्यों को मजबूती मिलेगी। नए दायित्व पर अंशुल सिन्हा ने संगठन के प्रति आभार जताते हुए कहा कि परिषद ने जिस विश्वास के साथ उन्हें जिम्मेदारी सौंपी है, उसका पूरी निष्ठा, अनुशासन और समर्पण के साथ निर्वहन करेंगे। छात्रहित, राष्ट्रहित और संगठनहित को सर्वोपरि रखते हुए संगठन को मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयास करेंगे।
0 Comments