रांचीः राजधानी रांची में खराब मौसम और प्रतिकूल उड़ान परिस्थितियों के कारण शनिवार को रांची आने वाली चार विमानों को कोलकाता डायवर्ट करना पड़ा. एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) रांची के अनुसार यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए यह निर्णय लिया गया.
डायवर्ट की गई उड़ानों में इंडिगो की फ्लाइट IGO7561 (कोलकाता-रांची) शामिल है, जिसे वापस कोलकाता भेज दिया गया. इसका वास्तविक आगमन समय (ATA) 11:59 बजे दर्ज किया गया. इसके अलावा इंडिगो की फ्लाइट IGO6370J (दिल्ली-रांची) को भी कोलकाता डायवर्ट किया गया. इस विमान का ATA 11:30 बजे रहा.
इस विमान में रांची के भाजपा सांसद सह केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ भी सवार थे. वहीं एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट AXB1239 (बेंगलुरु-रांची) को 11:29 बजे तथा एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट AXB1046 (दिल्ली-रांची) को 11:40 बजे कोलकाता की ओर मोड़ दिया गया. हवाई अड्डा प्रबंधन के अनुसार मौसम सामान्य होने के बाद उड़ानों के संचालन को लेकर संबंधित एयरलाइंस द्वारा आगे का निर्णय लिया जाएगा. अचानक हुए डायवर्जन से कई यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ा. हालांकि, सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए एटीसी और एयरलाइंस ने आवश्यक कदम उठाए.
रांची एयरपोर्ट के जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार शुक्ला ने बताया कि मौसम प्रतिकूल होने के कारण रांची आने वाली चार उड़ानों को कोलकाता डायवर्ट किया गया. उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है. मौसम में सुधार और परिचालन स्थितियां अनुकूल होने के बाद संबंधित एयरलाइंस आगे की कार्रवाई करेंगी. एयरपोर्ट प्रबंधन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है.

0 Comments