नई दिल्लीः प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अगले महीने मिल सकते हैं। यह मुलाकात फ्रांस में होने वाले G7 शिखर सम्मेलन में हो सकती है। 16 महीनों से भी ज्यादा समय के बाद दोनों नेता पहली बार आमने-सामने होंगे।
फ्रांस में G7 की बैठक में हो सकती है मुलाकात
रिपोर्ट्स के मुताबिक फ्रांस के एवियन-लेस-बैंस में 15 से 17 जून तक G7 शिखर सम्मेलन का आयोजन होगा। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने प्रधानमंत्री मोदी को इस बैठक में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया है। राष्ट्रपति मैक्रों ने फरवरी में भारत दौरे के समय प्रधानमंत्री मोदी को इस सम्मेलन में आने का न्योता दिया था। हालांकि भारत जी-7 का सदस्य नहीं है लेकिन महत्वपूर्ण भागीदार देश के तौर पर भारत को बुलाया गया है।
पिछले साल फरवरी में मिले थे मोदी और ट्रंप
बता दें कि पिछले साल फरवरी में व्हाइट हाउस में हुई मोदी और ट्रंप की अहम मुलाकात के बाद से, ये दोनों नेता किसी न किसी वजह से बड़े ग्लोबल समिट में एक-दूसरे से मिल नहीं पाए हैं। हालांकि, ये दोनों 'बहुत अच्छे दोस्त' अगले महीने फ्रांस में होने वाले G7 समिट में आखिरकार आमने-सामने आ सकते हैं। मोदी-ट्रंप की आखिरी मुलाकात फरवरी 2025 में हुई थी, जब ट्रंप के दोबारा सत्ता संभालने के बाद पीएम मोदी व्हाइट हाउस का दौरा करने वाले दुनिया के शुरुआती नेताओं में से एक थे।टैरिफ को लेकर चल रहे तनाव के माहौल में हुई इस हाई-प्रोफाइल मुलाकात में, ट्रंप ने पीएम मोदी को अपना बहुत अच्छा दोस्त बताया था.

0 Comments