Hot Posts

6/recent/ticker-posts

देवघर के बाबा बैद्यनाथ मंदिर पहुंचे केंद्रीय मंत्री ललन सिंह, की देश की सुख समृद्धि की कामना

देवघर: श्रद्धा, आस्था और आध्यात्मिक ऊर्जा के केंद्र बाबा बैद्यनाथ धाम शुक्रवार सुबह केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह पहुंचे. जहां उन्होंने विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर देश की सुख-समृद्धि और विकसित भारत के संकल्प के सफलता की कामना की. गुरुवार देर रात देवघर पहुंचे केंद्रीय मंत्री ने एक निजी होटल में रात्रि विश्राम किया और शुक्रवार सुबह कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सीधे बाबा बैद्यनाथ मंदिर पहुंचे.

विकसित भारत के संकल्प को साकार करने का लिया आशीर्वाद

मंदिर प्रशासन ने उनके आगमन को लेकर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए थे. मंदिर के तीर्थ पुरोहितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच उनका संकल्प कराया. इसके बाद केंद्रीय मंत्री ने गर्भगृह में प्रवेश कर बाबा बैद्यनाथ के ज्योतिर्लिंग पर जलाभिषेक किया और पूरे विधि-विधान से पूजा-अर्चना संपन्न की. पूजा के उपरांत मीडिया से संक्षिप्त बातचीत में ललन सिंह ने कहा कि उन्होंने बाबा बैद्यनाथ से देश और प्रदेश में शांति, समृद्धि एवं खुशहाली बनाए रखने की प्रार्थना की है. उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत-2047 के संकल्प को साकार करने के लिए भी बाबा भोलेनाथ से आशीर्वाद मांगा.

कड़ी सुरक्षा के बीच केंद्रीय मंत्री पहुंचे मंदिर

बाबा बैद्यनाथ धाम में दर्शन पूजन के बाद केंद्रीय मंत्री कड़ी सुरक्षा के बीच बाबा बासुकीनाथ धाम के लिए रवाना हो गए. उनके देवघर आगमन की सूचना मिलते ही विभिन्न जिलों से भाजपा और एनडीए के कई नेता और कार्यकर्ता उनसे मिलने पहुंचे. हालांकि मीडिया द्वारा राजनीतिक मुद्दों पर सवाल पूछे जाने पर केंद्रीय मंत्री ने किसी भी प्रकार की टिप्पणी करने से साफ इनकार कर दिया.

ललन सिंह दो दिवसीय देवघर दौरे पर हैं. इस दौरान वे धार्मिक कार्यक्रमों के साथ-साथ कई निजी आयोजनों में भी शामिल होंगे. उनके दौरे को लेकर राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में भी खासा उत्साह देखने को मिला. वहीं केंद्रीय मंत्री के पूजा करने के दौरान मंदिर में आम लोगों के प्रवेश पर थोड़ी देर के लिए रोक लगा दी गई थी.

Post a Comment

0 Comments