एसडीओ व डीएसपी मुख्यालय के नेतृत्व में छापेमारी, जमाखोरों में मचा हड़कंप
कृष्णा कुमार कुशवाहा
चतरा : किसानों के हितों की रक्षा के लिए जिला प्रशासन ने कालाबाजारी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए राजपुर थाना क्षेत्र के करमा मोड़ के समीप अवैध रूप से जमा कर रखे गए यूरिया एवं डीएपी खाद की भारी खेप बरामद की है। उपायुक्त को मिली गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) जहूर आलम एवं डीएसपी मुख्यालय के नेतृत्व में की गई।जानकारी के अनुसार किसानों के लिए निर्धारित खाद को अवैध रूप से संग्रहित कर ऊंचे दामों पर बेचने की तैयारी की जा रही थी। गुप्त सूचना मिलते ही जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की, जिसमें बड़ी मात्रा में यूरिया और डीएपी खाद बरामद हुआ। बरामद खाद को जब्त कर लिया गया है तथा पूरे मामले की गहन जांच शुरू कर दी गई है।प्रशासनिक सूत्रों के मुताबिक प्रारंभिक जांच में खाद की जमाखोरी और कालाबाजारी की आशंका सामने आई है।
अब खाद के स्रोत, भंडारण के तरीके तथा इस अवैध कारोबार से जुड़े लोगों की भूमिका की पड़ताल की जा रही है। कार्रवाई के बाद खाद की कालाबाजारी में संलिप्त तत्वों के बीच हड़कंप की स्थिति है। इस छापेमारी अभियान में कान्हाचट्टी अंचल अधिकारी मनोज कुमार शामिल है।जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसानों के अधिकारों और हितों से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। कृषि सीजन में खाद की कृत्रिम कमी पैदा कर किसानों का आर्थिक शोषण करने की कोशिश करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने यह भी कहा कि जिले में खाद की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
0 Comments