कृष्णा कुमार कुशवाहा
चौपारण (हजारीबाग): चौपारण थाना क्षेत्र में ग्रामीण बैंक के पास एन एच-19 पर शुक्रवार को तेज रफ्तार ट्रक ने साइकिल सवार नींबू विक्रेता को कुचल दिया। हादसे में बजरंग टोला निवासी रीतलाल साहू (55) की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
मृतक रीतलाल साहू ब्लॉक मोड़ सब्जी बाजार में नींबू बेचकर परिवार चलाते थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वे साइकिल से जा रहे थे, तभी पीछे से आ रहे ट्रक संख्या डब्लू बी 11 डी 8764 ने जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने ट्रक को घेर लिया और चालक को भागने नहीं दिया। सूचना पर मुखिया प्रतिनिधि विनोद सिंह और चौपारण थाना के एस आई बादल महतो दल-बल के साथ पहुंचे। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और चालक को हिरासत में ले लिया।
घटना के बाद एन एच-19 पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रीतलाल की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है और पूरे इलाके में शोक की लहर है।

0 Comments