कृष्णा कुमार कुशवाहा
चौपारण (हजारीबाग): विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर शनिवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, चौपारण में परिवार कल्याण एवं जनसंख्या स्थिरीकरण विषय पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन प्रखंड प्रमुख पूर्णिमा देवी ने फीता काटकर किया।
इस दौरान लोगों को छोटे एवं स्वस्थ परिवार के महत्व से अवगत कराया गया। साथ ही परिवार नियोजन के स्थायी एवं अस्थायी साधनों को अपनाने की अपील की गई।
"जनसंख्या को ताकत में बदलना होगा"
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रखंड प्रमुख पूर्णिमा देवी ने कहा कि बढ़ती जनसंख्या विकास की दिशा में सबसे बड़ी चुनौती है। लेकिन यदि जनसंख्या को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार से जोड़ा जाए तो यही देश की सबसे बड़ी ताकत बन सकती है।
उन्होंने कहा कि परिवार नियोजन केवल जनसंख्या नियंत्रण का माध्यम नहीं है, बल्कि यह मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, महिलाओं के सशक्तिकरण और परिवार के बेहतर भविष्य का आधार है। इसलिए प्रत्येक दंपति को अपनी परिस्थितियों के अनुसार परिवार नियोजन के सुरक्षित साधनों को अपनाना चाहिए।
अभियान के पहले दिन 11 महिलाओं का बंध्याकरण
विश्व जनसंख्या दिवस के मौके पर स्वास्थ्य विभाग ने परिवार कल्याण अभियान की शुरुआत की। अभियान के पहले ही दिन 11 महिलाओं का सफलतापूर्वक निःशुल्क बंध्याकरण किया गया।
स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि इच्छुक दंपतियों को पूरी सुरक्षा और विशेषज्ञ चिकित्सकों की देखरेख में यह सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
क्या-क्या सुविधाएं उपलब्ध
अस्पताल प्रभारी डॉ. धर्मनाथ ठाकुर ने बताया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में परिवार नियोजन की स्थायी एवं अस्थायी दोनों प्रकार की सेवाएं नियमित रूप से उपलब्ध हैं।
स्थायी विधि: पुरुष नसबंदी, महिला बंध्याकरण अस्थायी विधि: कंडोम, छाया गोली, कॉपर-टी सहित अन्य आधुनिक साधन
डॉ. ठाकुर ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग का लक्ष्य लोगों को परिवार नियोजन के प्रति जागरूक कर स्वस्थ, सुसंस्कृत एवं खुशहाल परिवार की अवधारणा को साकार करना है।
कार्यक्रम में स्वास्थ्यकर्मियों ने उपस्थित लोगों को परिवार नियोजन के विभिन्न उपायों, उनके लाभ तथा मातृ-शिशु स्वास्थ्य पर पड़ने वाले सकारात्मक प्रभावों की विस्तृत जानकारी दी।

0 Comments