हजारीबाग : शहर के परतूडीह चौक पर गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान बिजली विभाग में कार्यरत अजय ठाकुर के रूप में हुई है । प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अजय ठाकुर अपनी बाइक से जा रहे थे। इसी क्रम में पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अजय ठाकुर की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।घटना की सूचना मिलते ही हजारीबाग नगर निगम के उपमहापौर मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों के सहयोग से राहत कार्य शुरू कराया। इसके बाद इसकी सूचना मुफस्सिल थाना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना प्रभारी दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, हजारीबाग भेज दिया है। वहीं फरार ट्रैक्टर चालक की गिरफ्तारी के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।इस हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों ने ट्रैक्टर चालक की शीघ्र गिरफ्तारी और सड़क सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करने की मांग की है।

0 Comments