Hot Posts

6/recent/ticker-posts

पत्रकार, पंचायत सहायक एवं स्थानीय समाजसेवी की तत्परता से परिजनों तक पहुंची वृद्धा


कृष्णा कुमार कुशवाहा 

चौपारण(हजारीबाग) : थाना क्षेत्र के चपरी कला गांव की रहने वाली करीब 70 वर्षीय वृद्ध महिला शकुनवा देवी, जो पिछले दो दिनों से लापता थीं, आखिरकार स्थानीय लोगों की सतर्कता और सोशल मीडिया के सहयोग से सकुशल अपने परिजनों से मिल गईं। इस घटना ने एक बार फिर साबित कर दिया कि समय पर की गई सूचना और सामाजिक सहयोग किसी भी संकट को टालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।जानकारी के अनुसार, वृद्ध महिला पिछले दो दिनों से अपने घर से लापता थीं। परिजन लगातार उनकी तलाश कर रहे थे, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिल पा रहा था। इसी बीच बरही के तिलैया रोड ओवरब्रिज के समीप एक दुकान के पास वृद्ध महिला अकेली बैठी हुई दिखाई दीं। उसी दौरान वहां से गुजर रहे पंचायत सहायक बजरंगी प्रसाद केसरी की नजर महिला पर पड़ी। उन्हें महिला की स्थिति संदिग्ध लगी तो उन्होंने तत्काल इसकी सूचना बरही के पत्रकार धनंजय कुमार को दी, ताकि महिला की पहचान कर उसके परिजनों तक सूचना पहुंचाई जा सके।

सूचना मिलने के बाद पत्रकार धनंजय कुमार ने महिला की पहचान कराने के उद्देश्य से सोशल मीडिया का सहारा लिया। सोशल मीडिया पर महिला की तस्वीर और जानकारी साझा किए जाने के कुछ ही समय बाद लोगों की ओर से प्रतिक्रिया आने लगी। समाजसेवी रवीश सिंह एवं जितेंद्र यादव ने महिला की पहचान चौपारण थाना क्षेत्र के चपरी कला गांव निवासी शकुनवा देवी के रूप में की और उनके परिजनों की जानकारी उपलब्ध कराई एवं परिजनों को सूचना दी।सूचना मिलते ही परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने वृद्ध महिला की पहचान की और उन्हें सकुशल अपने साथ घर ले गए। दो दिनों से लापता महिला के सुरक्षित मिलने पर परिजनों ने राहत की सांस ली और सभी सहयोग करने वाले लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया

Post a Comment

0 Comments