रांची (धुर्वा): ऐतिहासिक जगन्नाथपुर रथयात्रा महोत्सव-2026 गुरुवार को धूमधाम और भक्ति भाव के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने शिरकत कर प्रदेशवासियों को रथयात्रा की शुभकामनाएं दीं।
दोनों ने भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और माता सुभद्रा की विधिवत पूजा-अर्चना कर राज्य की सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने पारंपरिक विधि-विधान के साथ भगवान जगन्नाथ के रथ की रस्सी खींचकर रथयात्रा का शुभारंभ किया। उनके साथ राज्यपाल भी रथ खींचते नजर आए। इस दौरान पूरा परिसर "जय जगन्नाथ" के जयघोष से गूंज उठा। हजारों श्रद्धालुओं ने भी रथ की डोर खींचकर आस्था व्यक्त की।
CM हेमन्त सोरेन ने की बड़ी घोषणा, जगन्नाथ मंदिर मार्ग पर बनेगा भव्य तोरणद्वारइस अवसर पर श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने बड़ी घोषणा की। उन्होंने कहा कि धुर्वा स्थित ऐतिहासिक जगन्नाथ मंदिर की पहचान को और मजबूत बनाने के लिए राज्य सरकार मंदिर को जोड़ने वाली सड़क पर भव्य तोरणद्वार का निर्माण कराएगी, ताकि दूर से ही मंदिर की भव्यता दिखाई दे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जगन्नाथपुर रथयात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि झारखंड की सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण प्रतीक है। राज्य सरकार इस ऐतिहासिक स्थल को पर्यटन के मानचित्र पर और अधिक सशक्त पहचान दिलाने के लिए लगातार कार्य करेगी।
उन्होंने कहा कि हर वर्ष लाखों श्रद्धालु इस रथयात्रा का इंतजार करते हैं। आने वाले वर्षों में इस मेले को और अधिक भव्य एवं सुव्यवस्थित बनाया जाएगा।रथयात्रा महोत्सव में मंत्रीगण, सांसद, विधायक, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिला।
0 Comments