चौपारण : पाण्डेयबारा ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार को बढ़ावा देने की दिशा में एक और पहल करते हुए पाण्डेयबारा पंचायत के सेल्हारा रोड पर सोमवार को अतुतोष प्रज्ञा केंद्र डिजिटल सेवा एवं अविनाश चाऊमीन सेंटर का शुभारंभ किया गया। प्रमुख प्रतिनिधि उदय राणा, पूर्व मुखिया अनिल पांडे तथा समाजसेवी बीके यादव ने संयुक्त रूप से फीता काटकर दोनों प्रतिष्ठानों का उद्घाटन किया। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि गांवों में डिजिटल सेवा केंद्रों और छोटे व्यवसायों की स्थापना स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर भी पैदा कर रही है। उन्होंने कहा कि अब ग्रामीणों को ऑनलाइन आवेदन, सरकारी योजनाओं से जुड़े कार्य एवं अन्य डिजिटल सुविधाओं के लिए शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।
वहीं स्थानीय स्तर पर नए व्यवसाय शुरू होने से लोगों को बेहतर सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी। प्रमुख प्रतिनिधि उदय राणा ने कहा कि यदि युवा नौकरी की प्रतीक्षा करने के बजाय छोटे-छोटे व्यवसाय शुरू करें तो वे स्वयं आत्मनिर्भर बनने के साथ-साथ अन्य लोगों को भी रोजगार उपलब्ध करा सकते हैं। उन्होंने प्रतिष्ठान संचालकों के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उद्घाटन समारोह में मौजूद लोगों ने भी दोनों प्रतिष्ठानों की शुरूआत का स्वागत किया और उम्मीद जताई कि इससे आसपास के गांवों के लोगों को गुणवत्तापूर्ण सेवाएं और सुविधाएं स्थानीय स्तर पर मिलेंगी। कार्यक्रम में सरवन यादव, रामविलास चंद्रवंशी, भाजपा के पूर्वी मीडिया प्रभारी प्रीतम चंद्रवंशी, बहादुर सिंह, समाजसेवी अशोक सिंह, नरेश राणा, अजय राणा, चंदन यादव, प्रभात कुमार, रंजीत पांडेय सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

0 Comments