कृष्णा कुमार कुशवाहा
चौपारण (हजारीबाग)। चौपारण प्रखंड में घरेलू रसोई गैस की आपूर्ति और बिक्री व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। प्रखंड के चौपारण बाजार समेत बसरिया क्षेत्र की विभिन्न दुकानों में अलग-अलग कंपनियों के घरेलू गैस सिलेंडर उपलब्ध होने की बात सामने आई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, बाजार में विभिन्न कंपनियों के गैस सिलेंडर दुकानों से बेचे जा रहे हैं। इससे अधिकृत गैस एजेंसी के माध्यम से उपभोक्ताओं तक सिलेंडर पहुंचाने की व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में गैस की अधिकृत एजेंसी होने के बावजूद यदि घरेलू गैस सिलेंडर बाजार की दुकानों में उपलब्ध हैं, तो यह जांच का विषय है कि सिलेंडर दुकानदारों तक किस माध्यम से पहुंच रहे हैं। लोगों ने इस पूरे मामले की आपूर्ति श्रृंखला की जांच कराने की मांग की है।
दुकानों तक पहुंचने के स्रोत की हो जांच
लोगों का कहना है कि बाजार में उपलब्ध विभिन्न कंपनियों के गैस सिलेंडरों की बिक्री और उनके स्रोत का सत्यापन कराया जाना चाहिए। एजेंसी से लेकर उपभोक्ता तक गैस सिलेंडर पहुंचाने की पूरी प्रक्रिया की जांच होने पर ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। स्थानीय लोगों ने प्रशासन और संबंधित आपूर्ति विभाग से चौपारण बाजार एवं बसरिया क्षेत्र की दुकानों की जांच कराने की मांग की है। साथ ही दुकानों में उपलब्ध गैस सिलेंडरों के स्टॉक, खरीद-बिक्री से संबंधित दस्तावेज और आपूर्ति के स्रोत की जांच कराने की मांग की गई है।
उपभोक्ताओं के बीच चर्चा तेज
बाजार में अलग-अलग कंपनियों के घरेलू गैस सिलेंडर उपलब्ध होने की चर्चा के बाद उपभोक्ताओं के बीच भी इसे लेकर सवाल उठ रहे हैं। लोगों का कहना है कि घरेलू गैस सिलेंडर की बिक्री निर्धारित नियमों के तहत ही होनी चाहिए। यदि जांच के दौरान किसी स्तर पर नियमों का उल्लंघन सामने आता है तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मामले की गंभीरता से जांच कर गैस सिलेंडरों की अनधिकृत बिक्री पर रोक लगाने तथा आपूर्ति व्यवस्था को पारदर्शी बनाने की मांग की है।

0 Comments