कृष्णा कुमार कुशवाहा
चौपारण (हजारीबाग)। चौपारण थाना कांड संख्या 03/26 के दुष्कर्म मामले में फरार चल रहे आरोपित पर पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। न्यायालय के आदेश के बाद पुलिस टीम ने चतरा जिले के मयूरहंड थाना क्षेत्र के अंबातरी गांव स्थित आरोपित के घर पहुंचकर इश्तेहार तामील कराया। पुलिस ने सार्वजनिक रूप से इश्तेहार चस्पा कर आरोपित को निर्धारित अवधि के भीतर न्यायालय के समक्ष उपस्थित होने का निर्देश दिया है। बरही अंचल पुलिस निरीक्षक अनिल कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की। इस दौरान ध्वनि विस्तारक यंत्र के माध्यम से आसपास के लोगों को भी मामले की जानकारी दी गई। पुलिस ने सार्वजनिक रूप से आरोपित को न्यायालय में उपस्थित होने की सूचना दी, ताकि उसे कानूनी कार्रवाई की जानकारी हो सके।
एक माह का मिला समय
पुलिस के अनुसार, दुष्कर्म का मामला दर्ज होने के बाद से आरोपित फरार चल रहा है। बरही अंचल पुलिस निरीक्षक अनिल कुमार ने बताया कि न्यायालय के आदेश के तहत आरोपित के घर इश्तेहार तामील कराया गया है। उसे एक माह के अंदर न्यायालय के समक्ष उपस्थित होने का निर्देश दिया गया है। निर्धारित अवधि में आरोपित न्यायालय में उपस्थित नहीं होता है तो न्यायालय के आदेशानुसार उसके विरुद्ध आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस फरार आरोपित की गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई कर रही है। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद मामले में फरार चल रहे आरोपित पर कानूनी दबाव बढ़ गया है। अब पुलिस की नजर निर्धारित अवधि के भीतर उसके न्यायालय में उपस्थित होने पर है।

0 Comments