Hot Posts

6/recent/ticker-posts

चौपारण से हजारीबाग पहुंचा कांग्रेस का हुजूम, चुनाव में पारदर्शिता को लेकर किया पैदल मार्च

पूर्व विधायक उमाशंकर अकेला के नेतृत्व में हजारों समर्थक हुए प्रदर्शन में शामिल

कृष्णा कुमार कुशवाहा

चौपारण (हजारीबाग) : चुनाव प्रक्रिया और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से हजारीबाग में आयोजित विरोध-प्रदर्शन में चौपारण से बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और समर्थक पहुंचे। बरही के पूर्व विधायक उमाशंकर अकेला के नेतृत्व में समर्थकों ने प्रदर्शन में भाग लिया और चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता तथा जवाबदेही की मांग को लेकर आवाज बुलंद की। प्रदर्शन के दौरान डिस्ट्रिक्ट मोड़ से हजारीबाग समाहरणालय तक कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पैदल मार्च किया। बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के जुटने से मार्च में पार्टी की सांगठनिक सक्रियता दिखाई दी। समाहरणालय पहुंचने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन किया और चुनाव प्रक्रिया तथा मतदाता सूची से संबंधित मुद्दों पर अपना विरोध दर्ज कराया।

पूर्व विधायक उमाशंकर अकेला ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए चुनाव प्रक्रिया और मतदाता सूची में पारदर्शिता जरूरी है। प्रत्येक मतदाता के मताधिकार की रक्षा सुनिश्चित होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इन्हीं मुद्दों को लेकर सड़क पर उतरी है और चुनाव प्रक्रिया में जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग कर रही है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची से जुड़े मामलों में पारदर्शिता रहने से लोकतांत्रिक व्यवस्था में लोगों का विश्वास और मजबूत होगा। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन के दौरान अपनी मांगों के समर्थन में नारे भी लगाए। प्रदर्शन में पूर्व मंत्री सह हजारीबाग जिला कांग्रेस अध्यक्ष जयप्रकाश भाई पटेल, जिला प्रभारी राजीव रंजन प्रसाद, हजारीबाग सदर के पूर्व विधायक प्रत्याशी मुन्ना सिंह सहित जिला एवं प्रखंड स्तर के कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।

Post a Comment

0 Comments