Hot Posts

6/recent/ticker-posts

आश्वासन की मियाद खत्म, मांगों को लेकर सड़क पर उतरे 108 एंबुलेंसकर्मी, निकाला कैंडल मार्च

चतरा : सरकारी आश्वासन की समय-सीमा समाप्त होने के बाद 108 एंबुलेंस कर्मचारी संघ ने अपनी मांगों को लेकर विरोध का स्वर बुलंद किया। कर्मचारियों ने कैंडल मार्च निकालकर सरकार का ध्यान अपनी समस्याओं की ओर आकृष्ट कराया और लंबित मांगों पर जल्द निर्णय लेने की अपील की। संघ के सदस्यों ने कहा कि झारखंड में 108 एंबुलेंस सेवा का संचालन और कर्मचारियों के वेतन भुगतान की व्यवस्था सरकारी स्तर पर नियमित की जानी चाहिए। साथ ही, विभिन्न कारणों से सेवा से हटाए गए कर्मचारियों को उनके संबंधित जिलों में पुनः काम पर रखने की मांग उठाई गई।

कर्मचारियों का कहना है कि आपातकालीन स्वास्थ्य सेवा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले कर्मियों के हितों की अनदेखी नहीं होनी चाहिए। कैंडल मार्च के माध्यम से कर्मचारियों ने भविष्य निधि (EPF), कर्मचारी राज्य बीमा (ESI), अतिरिक्त कार्य के पारिश्रमिक, उपदान और न्यूनतम वेतन सहित श्रमिकों को मिलने वाले वैधानिक अधिकारों को पूरी तरह लागू करने की मांग भी की। मार्च में 108 एंबुलेंस कर्मचारी संघ के चतरा जिला अध्यक्ष मुकेश कुमार के अलावा पंकज कुमार, विपिन कुमार, राजेंद्र कुमार, रोशन कुमार, इतेकाम आलम, मो फैजान, राहुल रजक, सुधीर कुमार, विवेक कुमार सिन्हा सहित अन्य कर्मचारी शामिल हुए। कर्मचारियों ने उम्मीद जताई कि सरकार उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए जल्द सकारात्मक पहल करेगी।

Post a Comment

0 Comments