Ranchi : झारखंड की करीब 43 हजार सहियाओं के लिए दुर्गा पूजा से पहले राहत भरी खबर है। राज्य सरकार ने सहियाओं को छह महीने की बकाया प्रोत्साहन राशि एक साथ देने का निर्णय लिया है। इसके तहत प्रत्येक सहिया के बैंक खाते में 12 हजार रुपये भेजे जाने हैं।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी और स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह के निर्देश पर राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, झारखंड के अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा ने मंगलवार को कुल 51.91 करोड़ रुपये की राशि सभी जिलों को हस्तांतरित कर दी है।
पूजा की छुट्टियों से पहले भुगतान का निर्देश
स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव ने सभी जिलों के सिविल सर्जनों को निर्देश दिया है कि दुर्गा पूजा की छुट्टियां शुरू होने से पहले हर हाल में सहियाओं के बैंक खातों में प्रोत्साहन राशि का भुगतान सुनिश्चित किया जाए।
सरकार के इस फैसले से राज्य की हजारों सहियाओं को बकाया राशि मिलने की उम्मीद है। त्योहार से पहले राशि मिलने से उन्हें घरेलू जरूरतों और पूजा की तैयारियों में आर्थिक मदद मिल सकती है।

0 Comments