चतरा। चतरा जिला मुख्यालय स्थित डीएमएफटी प्रशिक्षण भवन में आयोजित पासवान समाज महासम्मेलन का बुधवार को भव्य एवं गरिमामय समापन हुआ। सामाजिक, शैक्षणिक एवं आर्थिक उत्थान के साथ समाज में आपसी एकजुटता को मजबूत करने के उद्देश्य से आयोजित महासम्मेलन में झारखंड समेत बिहार, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और छत्तीसगढ़ से समाज के लोग शामिल हुए। कार्यक्रम में चतरा विधायक जनार्दन पासवान एवं बोधगया विधायक सर्वजीत कुमार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। अतिथियों का ढोल-नगाड़ों के साथ भव्य स्वागत किया गया।
समाज की समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा
महासम्मेलन को संबोधित करते हुए चतरा विधायक जनार्दन पासवान ने कहा कि समाज की एकजुटता ही उसकी सबसे बड़ी ताकत है। सामाजिक, शैक्षणिक और आर्थिक विकास से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए सामूहिक पहल जरूरी है। शिक्षा, रोजगार, युवाओं के भविष्य, सामाजिक कुरीतियों और अन्य जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता के साथ संबंधित स्तर तक पहुंचाने और उनके समाधान के लिए वे हरसंभव सहयोग करेंगे। बोधगया के विधायक सह राजद के सचेतक सर्वजीत कुमार ने समाज के लोगों से आपसी मतभेद भुलाकर एकजुट रहने और आने वाली पीढ़ी के बेहतर भविष्य के लिए मिलकर काम करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि झारखंड में समाज के लोगों को हमारी जरूरत पड़े तो हर संभव मदद करने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। समाज को आगे बढ़ाने में हर संभव प्रयास करूंगा। अध्यक्षता कर रहे बद्री पासवान ने कहा कि मेरा प्रयास रहा समाज को एकजुट करना। उन्होंने पासवान कल्याण समिति के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों का आभार व्यक्त किया, जिन्होंने अधिक से अधिक संख्या में आकर कार्यक्रम को सफल बनाया। मंच पर पहुंचने के बाद अतिथियों को पुष्पगुच्छ, फूलमाला, अंगवस्त्र तथा पासवान समाज के आराध्य वीर बाबा चौहरमल एवं वीर बाबा शैलेश की प्रतिमा और तलवार भेंट कर सम्मानित किया गया।
शिक्षा, नशामुक्ति और दहेज प्रथा के खिलाफ सामूहिक संकल्प
महासम्मेलन में समाज से जुड़े विभिन्न सामाजिक एवं शैक्षणिक विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। वक्ताओं ने कहा कि समाज की प्रगति के लिए शिक्षा को प्राथमिकता देना जरूरी है। बच्चों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने, उन्हें उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करने तथा युवाओं को सही दिशा देने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही नशामुक्त समाज और दहेज प्रथा मुक्त समाज के निर्माण को लेकर भी सामूहिक रूप से आवाज बुलंद की गई।
केंद्रीय पासवान कल्याण समिति के हजारीबाग जिला अध्यक्ष कुंदन पासवान ने कहा कि सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूकता और सामूहिक प्रयास से ही समाज को मजबूत एवं प्रगतिशील बनाया जा सकता है। उन्होंने नशाखोरी और दहेज प्रथा जैसी सामाजिक कुरीतियों से दूर रहने का आह्वान करते हुए कहा कि बदलाव केवल कानून से नहीं, बल्कि समाज की सामूहिक इच्छाशक्ति से संभव है।
वैवाहिक परिचय सह मिलन समारोह रहा आकर्षण का केंद्र
महासम्मेलन का प्रमुख आकर्षण वैवाहिक परिचय सह मिलन समारोह रहा। इसमें युवक-युवतियों के वैवाहिक संबंधों को बेहतर मंच उपलब्ध कराने की पहल की गई। इच्छुक युवक-युवतियों के परिचय एवं बायो डाटा भी जमा किए गए। आयोजकों ने कहा कि इसका उद्देश्य समाज के परिवारों को एक-दूसरे से जोड़ना और आपसी परिचय के माध्यम से वैवाहिक संबंधों के लिए सकारात्मक वातावरण तैयार करना है। आयोजकों के अनुसार चतरा जिले के सभी प्रखंडों से समाज के लोगों को महासम्मेलन में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया था। बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी ने कार्यक्रम को व्यापक स्वरूप प्रदान किया।
0 Comments