Hot Posts

6/recent/ticker-posts

उत्क्रमित मध्य विद्यालय बरहमौरिया में नए प्रधानाध्यापक ने ली शपथ, गरिमामय माहौल में हुआ समारोह

कृष्णा कुमार कुशवाहा 

चौपारण (हजारीबाग)। चौपारण प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय बरहमौरिया में बुधवार को नए प्रधानाध्यापक श्री वीरेंद्र कुमार मौर्य का पदभार ग्रहण एवं शपथ ग्रहण समारोह अत्यंत गरिमामय माहौल में संपन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष दिनकर कुमार मिश्रा, संयोजिका पिंकी देवी, प्रबंधन समिति के सदस्य पवन कुमार इंद्र एवं गुरुजनों द्वारा दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ हुई। समारोह के मुख्य चरण में मुख्य अतिथि ने नए प्रधानाध्यापक वीरेंद्र कुमार मौर्य को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। पदभार ग्रहण करते हुए नव नियुक्त प्रधानाध्यापक ने विद्यालय के सर्वांगीण विकास, अनुशासनात्मक मूल्यों को बनाए रखने और छात्रों के उज्ज्वल भविष्य के लिए पूर्ण निष्ठा से कार्य करने का संकल्प लिया।

शपथ ग्रहण के उपरांत उपस्थित गणमान्य लोगों को संबोधित करते हुए प्रधानाध्यापक ने कहा, मेरी प्राथमिकता विद्यालय में शिक्षा के स्तर को और बेहतर बनाना, नवाचार को बढ़ावा देना तथा प्रत्येक छात्र को एक सुरक्षित और प्रेरणादायक माहौल प्रदान करना है। इस अवसर पर मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में नए प्रधानाध्यापक को बधाई दी और उम्मीद जताई कि उनके कुशल नेतृत्व में विद्यालय सफलता के नए आयाम स्थापित करेगा। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक डॉ. वीरेंद्र कुमार ने सभी अतिथियों और अभिभावकों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया। इसके साथ समारोह का भव्य समापन हुआ।

Post a Comment

0 Comments