Hot Posts

6/recent/ticker-posts

वियतनाम सड़क हादसे में झारखंड के दो योग शिक्षकों की मौत, शनिवार को पहुंचेंगे पार्थिव शरीर

रांची: वियतनाम के दा लात शहर में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में झारखंड के दो युवा योग शिक्षकों की जान चली गई। मृतकों की पहचान रांची के 24 वर्षीय राजा कुमार वर्मा और जमशेदपुर के 25 वर्षीय विनय कुमार राय (विनय यादव) के रूप में हुई है। दोनों आदि योगा एकेडमी में योग शिक्षक के रूप में कार्यरत थे। 

कैसे हुआ हादसा:

25 सितंबर को दोनों योग क्लास से लौट रहे थे। भारी बारिश के कारण गीली सड़क पर उनकी दोपहिया गाड़ी स्किड होकर विपरीत लेन में चली गई और सामने से आ रही कार से टकरा गई। राजा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि विनय ने दो दिन बाद अस्पताल में दम तोड़ दिया। 

परिवार की स्थिति:

राजा कुमार वर्मा रांची के रहने वाले थे, जो करीब दो साल से वियतनाम में योग सिखा रहे थे। उनके पिता इलेक्ट्रीशियन हैं और राजा ही परिवार का आर्थिक सहारा थे। वहीं विनय राय भी करीब दो साल पहले जमशेदपुर से वियतनाम गए थे और परिवार की आर्थिक मदद कर रहे थे।

शनिवार को आएंगे शव:

झारखंड माइग्रेशन सेल की टीम लीडर शिखा लकड़ा ने बताया कि शुक्रवार रात वियतनाम में श्रद्धांजलि के बाद दोनों के शव भारत के लिए रवाना कर दिए गए हैं। शव शनिवार सुबह कोलकाता होते हुए रांची पहुंचेंगे, जहां से उन्हें एंबुलेंस से उनके गृह जिलों ले जाया जाएगा।  आर्थिक तंगी के कारण परिवार शव लाने में असमर्थ थे, जिसके बाद वियतनाम में रह रहे भारतीय समुदाय और दोस्तों ने चंदा जुटाकर शव वापस लाने का खर्च उठाया। राज्य सरकार ने शव पहुंचने के बाद प्रत्येक परिवार को 5-5 लाख रुपये मुआवजा देने की घोषणा की है।परिजनों ने भारत सरकार से भी सहयोग करने की अपील की है.

Post a Comment

0 Comments