Hot Posts

6/recent/ticker-posts

कांग्रेस की वोट बचाओ रैली होगी ऐतिहासिक, लोगों का अधिकार नहीं छिनने देंगे : कमलेश

रांची :  झारखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा है कि देश में लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने की कोशिश हो रही है। कांग्रेस किसी भी नागरिक को मतदान के अधिकार से वंचित नहीं होने देगी। मंगलवार को रांची स्थित प्रदेश कार्यालय में प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि इसके विरोध में एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में "वोट बचाओ, देश बचाओ" रैली प्रस्तावित है। रैली को लेकर झारखंड में व्यापक जनजागरण अभियान चलाया जा रहा है। सभी जिलों में प्रभारी, वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता आम लोगों से संवाद कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि बिहार और पश्चिम बंगाल में लाखों लोगों को मताधिकार से वंचित किया गया है। दिल्ली में होने वाली रैली ऐतिहासिक होगी।प्रदेश अध्यक्ष ने संवैधानिक संस्थाओं की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए कहा कि भाजपा के राजनीतिक एजेंडे को पूरा करने के लिए निर्वाचन आयोग का इस्तेमाल किया जा रहा है। प्रेस वार्ता में कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव ने भी निर्वाचन प्रक्रिया पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने वोट चोरी से जुड़े मामलों को देश के सामने रखा है। प्रदीप यादव ने  फरक्का विधानसभा का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां कांग्रेस उम्मीदवार का नाम ही वोटर लिस्ट से हटा दिया गया था, जिसे बाद में सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर जोड़ा गया और वो चुनाव जीते। उन्होंने महाराष्ट्र का आंकड़ा देते हुए कहा कि 2024 के लोकसभा और विधानसभा चुनाव के बीच 39 लाख वोटरों का अंतर सामने आया है। आयोग को इस पर स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।

Post a Comment

0 Comments