रांची : राजधानी रांची में चोरों का आतंक बढ़ता जा रहा है। सात सितंबर को रिम्स अस्पताल परिसर व बीआईटी बाजार के पास से तीन बाइक चोरी कर ली गयीं। पहली घटना बरियातू स्थित रिम्स परिसर की है, जहां पलामू के तरहसी स्थित उदयपुरा निवासी अवशेष कुमार की बाइक चोरी हो गयी। वहीं दूसरी ओर बीआईटी बाजार के निकट से खेलगांव चौक, न्यू नगर रोड निवासी राजवीर सिंह और खिजूर टोली स्थित जामा मस्जिद के पास रहने वाले मो. मुमताज आलम की मोटरसाइकिल चोरी कर ली गयी।
घर के बाहर से कार की चोरी, प्राथमिकी दर्ज
दूसरी बड़ी घटना पुरुलिया रोड की है। यहां मकान संख्या-10 के बाहर खड़ी कार की चोरी हो गयी। घटना को लेकर विश्वराज भादुड़ी (50) ने केस दर्ज कराया है। पीड़ित के अनुसार कार घर की बाउंड्री वॉल से सटाकर खड़ी की गयी थी। घर में लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच में सफेद जैकेट पहने एक लंबा-चौड़ा अज्ञात व्यक्ति महज चार मिनट में कार स्टार्ट कर फरार होता दिखा। पुलिस ने दोनों मामलों में प्राथमिकी दर्ज कर सीसीटीवी के आधार पर जांच शुरू कर दी है।

0 Comments