चौपारण : चौपारण प्रखंड के भगहर पंचायत अंतर्गत प्रसातरी गांव में उत्पाद विभाग की टीम ने अवैध महुआ शराब के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई की है। गुप्त सूचना के आधार पर उत्पाद विभाग की टीम ने शुक्रवार को प्रसातरी में छापेमारी की। इस दौरान मौके पर अलग-अलग जगहों पर रखे गए बड़े-बड़े ड्रमों में करीब 200 क्विंटल जावा महुआ बरामद किया गया, जिसे टीम ने मौके पर ही विनष्ट कर दिया। साथ ही अवैध शराब बनाने की भट्टियों को भी ध्वस्त किया गया। छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में महुआ और शराब बनाने के उपकरण भी मिले हैं। टीम ने सभी ड्रमों को पलट कर जावा को बहा दिया। उत्पाद विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध शराब के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। किसी भी हाल में अवैध कारोबार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
0 Comments