थाना प्रभारी पंकज कुमार का सख्त संदेश - अफवाह फैलाई तो खैर नही
कृष्णा कुमार कुशवाहा
चौपारण(हजारीबाग)।आगामी मुहर्रम पर्व एवं अन्य त्योहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर चौपारण थाना परिसर में शुक्रवार को शांति समिति की उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस-प्रशासन और समाज के बीच समन्वय का मजबूत संदेश दिया गया।
अफसर-जनप्रतिनिधि एक मंच पर, दिया एकता का संदेश
बैठक की अध्यक्षता कर रहे पुलिस निरीक्षक अनिल कुमार एवं थाना प्रभारी पंकज कुमार के साथ प्रखंड प्रमुख पूर्णिमा देवी, सांसद प्रतिनिधि मुकुंद साव, विधायक प्रतिनिधि राजदेव यादव, रामस्वरूप पासवान तथा संचालक पूर्व मुखिया शंभू सिंह मंचासीन रहे। बैठक में दोनों समुदायों के सैकड़ों बुद्धिजीवी, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक शामिल हुए।
थाना प्रभारी की दो टूक: 42 अखाड़ों पर चप्पे-चप्पे नजर
थाना प्रभारी पंकज कुमार ने सख्त लहजे में कहा कि क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने ऐलान किया कि प्रखंड के सभी 42 अखाड़ों पर पुलिस-प्रशासन की पैनी नजर रहेगी। सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने आम जनता से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। अफवाहों पर ध्यान न देकर आपसी भाईचारा कायम रखें।
जनप्रतिनिधियों ने दिलाया सहयोग का भरोसा बैठक में उपस्थित सभी वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि चौपारण की गंगा-जमुनी तहजीब मिसाल है। सभी समुदायों को प्रेम और सौहार्द के साथ पर्व मनाना चाहिए। उपस्थित लोगों ने महत्वपूर्ण सुझाव देते हुए प्रशासन को पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया। अंत में सभी ने शांतिपूर्ण माहौल में त्योहार मनाने का सामूहिक संकल्प लिया।
मौके पर उपस्थित मुखिया अर्जुन पाण्डेय, जानकी यादव, पूजा कुमारी, रेखा देवी, ममता कुमारी, गुलाबी यादव, मुखिया प्रतिनिधि अभिमन्यु प्रसाद भगत, हेलाल अख्तर, मो. सफाल, विकास यादव, रेवाली पासवान, अनिल वर्णवाल, प्रदीप चंद्रवंशी, निर्देशक डेली99 खबर सह समाजसेवी बैजू गहलोत, शंभू शरण राणा समेत चौपारण प्रखंड के सभी पंचायतों के जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, पत्रकार बंधु और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।



0 Comments