स्थानीय लोगों में आक्रोश, पीडब्ल्यूडी से शीघ्र मरम्मत की मांग | बरसात में बढ़ा खतरा
कृष्णा कुमार कुशवाहा
बरही: पुराने जीटी रोड धनबाद रोड पर अस्पताल से बरही थाना तक सड़क की बदहाल स्थिति राहगीरों के लिए जानलेवा बन गई है। सड़क पर कई स्थानों पर डेढ़ से दो फीट तक गहरे गड्ढे बन चुके हैं, जिनके कारण आए दिन राहगीर और दोपहिया वाहन चालक दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं। स्थानीय नागरिकों के अनुसार अब तक कई लोग गिरकर गंभीर रूप से घायल हो चुके हैं।
बारिश में छिप जाता है मौत का जाल स्थिति तब और भयावह हो जाती है जब हल्की बारिश में भी सड़क पर पानी भर जाता है और गहरे गड्ढे दिखाई नहीं देते। ऐसे में किसी बड़ी अनहोनी की आशंका से लोग सहमे हुए हैं। वाहन चालकों का कहना है कि रात के समय यह सड़क मौत का न्योता बन जाती है।
विभागीय उदासीनता पर उठे सवाल - स्थानीय लोगों का आरोप है कि जिम्मेदार विभाग की उदासीनता समझ से परे है। गौरतलब है कि जीटी रोड चौड़ीकरण और बाईपास निर्माण के बाद गया रोड बाईपास से कोनरा बाईपास तक का यह मार्ग एनएचएआई से हटकर लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधीन आ गया है। तब से सड़क की देखरेख भगवान भरोसे है।
प्रशासन से अविलंब कार्रवाई की मांग आक्रोशित स्थानीय नागरिकों ने जिला प्रशासन एवं पीडब्ल्यूडी से अविलंब गड्ढों की मरम्मत और सड़क का पुनर्निर्माण कराने की मांग की है। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो किसी बड़े हादसे की जिम्मेदारी विभाग की होगी।

0 Comments