कटकमदाग व मुफ्फसिल थाना क्षेत्र में छापामारी, संलिप्तों पर होगी कड़ी कानूनी कार्रवाई
कृष्णा कुमार कुशवाहा / सावंददाता
हज़ारीबाग : उपायुक्त हजारीबाग के सख्त निर्देश पर अवैध शराब के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत उत्पाद विभाग की टीम ने मंगलवार को बड़ी सफलता हासिल की। सहायक आयुक्त उत्पाद के निर्देशन एवं निरीक्षक उत्पाद के पर्यवेक्षण में कटकमदाग थाना क्षेत्र के ग्राम पसई तथा मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के ग्राम सीतागढ़ा में अलग-अलग स्थानों पर छापामारी कर भारी मात्रा में अवैध महुआ शराब और शराब बनाने की सामग्री बरामद की गई। इस संबंध में जानकारी देते हुए अवर निरीक्षक उत्पाद सुमितेश कुमार ने बताया कि उपायुक्त महोदय के आदेश के आलोक में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन एवं बिक्री पर पूर्णतः अंकुश लगाने के लिए यह सघन छापामारी अभियान चलाया गया।
छापामारी के दौरान घटनास्थल एवं आसपास के घरों में छुपाकर रखा गया किण्वयन योग्य लगभग 600 किलोग्राम जावा महुआ मौके पर ही विनष्ट किया गया। साथ ही शराब बनाने में प्रयुक्त होने वाले बर्तन, भट्ठी एवं अन्य सामग्री तथा लगभग 150 लीटर निर्मित अवैध चुलाई शराब को जब्त कर लिया गया।
उत्पाद विभाग द्वारा इस अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों की पहचान कर उनके विरुद्ध सुसंगत धाराओं के तहत अभियोग दर्ज करने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।
इस सफल छापामारी अभियान का नेतृत्व निरीक्षक उत्पाद सौरव कुमार झा ने किया। दल में अवर निरीक्षक उत्पाद भुनेश्वर नायक, अवर निरीक्षक सुमितेश कुमार, सहायक अवर निरीक्षक एंटोनी बागे, उत्पाद आरक्षी अनूप कुमार सिंह तथा सशस्त्र गृह रक्षा वाहिनी के जवान शामिल थे।
जिला प्रशासन एवं उत्पाद विभाग की इस त्वरित कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के विरुद्ध यह अभियान लगातार जारी रहेगा।


0 Comments