Hot Posts

6/recent/ticker-posts

लोहरा में उत्पाद विभाग की ऐतिहासिक छापेमारी: 9500 किलो जावा महुआ नष्ट, अवैध शराब के साम्राज्य पर चला प्रशासन का बुलडोजर

उपायुक्त के निर्देश पर 'ऑपरेशन नशामुक्ति' सफल, 800 लीटर चुलाई शराब जब्त | थाना प्रभारी बोले- जनता के सहयोग से टूटेगी माफियाओं की कमर 
 

कृष्णा कुमार कुशवाहा 

चौपारण (हजारीबाग) : जिले को नशामुक्त बनाने के संकल्प के साथ उत्पाद विभाग और जिला प्रशासन ने शुक्रवार को एक बड़ी सफलता हासिल की। चौपारण थाना क्षेत्र के लोहरा गांव के दुर्गम पहाड़ी एवं वन क्षेत्र में संचालित अवैध शराब के गढ़ पर प्रशासन ने निर्णायक प्रहार किया। इस ऐतिहासिक कार्रवाई में अवैध शराब निर्माण की दर्जनों भट्ठियों को जमींदोज कर दिया गया।उपायुक्त हजारीबाग के स्पष्ट निर्देश एवं सहायक आयुक्त उत्पाद के कुशल मार्गदर्शन में निरीक्षक उत्पाद के नेतृत्व में यह विशेष अभियान चलाया गया। चौपारण थाना पुलिस के पूर्ण सहयोग से छापेमारी दल ने पहाड़ों की तलहटी और घने जंगलों में गुप्त सूचना के आधार पर सटीक कार्रवाई की। वर्षों से छिपाकर चलाए जा रहे अवैध शराब निर्माण के अड्डों को चिन्हित कर पूरी तरह नष्ट कर दिया गया।जब्ती और विनष्टीकरण का ब्यौरा:  9500 किलोग्राम जावा महुआ को नियमानुसार मौके पर ही नष्ट किया गया। 800 लीटर तैयार चुलाई शराब बरामद कर जब्त की गई।

शराब निर्माण में प्रयुक्त भारी मात्रा में ड्रम, पाइप, भट्ठियां एवं अन्य उपकरण जब्त कर ध्वस्त किए गए। उत्पाद विभाग ने प्रेस को जानकारी देते हुए बताया कि इस काले कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों की पहचान कर ली गई है। उनके विरुद्ध सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। विभाग ने संकल्प दोहराया कि जिले में अवैध शराब का कारोबार किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।संयुक्त टीम का सराहनीय कार्य:  इस सफल अभियान में निरीक्षक उत्पाद सौरव कुमार झा, अवर निरीक्षक सुमितेश कुमार, सहायक अवर निरीक्षक सय्यद बसिरूद्दीन, सहायक अवर निरीक्षक एंटोनी बागे, उत्पाद आरक्षी अनूप कुमार सिंह, सशस्त्र गृह रक्षा वाहिनी के जवानों तथा चौपारण थाना के पुलिसकर्मियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। टीम की तत्परता और समन्वय प्रशंसनीय रहा।जनता से अपील:  उत्पाद विभाग एवं जिला प्रशासन ने क्षेत्र की जनता से अपील की है कि समाज को नशामुक्त बनाने के इस पुनीत अभियान में प्रशासन का सहयोग करें। अवैध शराब निर्माण, भंडारण या बिक्री से संबंधित किसी भी सूचना को तत्काल स्थानीय थाना या उत्पाद विभाग को दें। सूचना देने वाले का नाम एवं पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी। प्रशासन की इस बड़ी कार्रवाई से पूरे क्षेत्र में अवैध कारोबारियों में हड़कंप है, वहीं आम जनता ने प्रशासन के इस कदम का स्वागत करते हुए आभार व्यक्त किया है

Post a Comment

0 Comments