Hot Posts

6/recent/ticker-posts

टीबी भगाओ, गांव बचाओ': पूरहरा स्कूल बना अस्पताल, डॉक्टरों ने नापी बीमारी की नब्ज

कृष्णा कुमार कुशवाहा/ DAILY KHABAR 99

बरही : 100 दिवसीय टीबी उन्मूलन अभियान के द्वितीय चरण के अंतर्गत शनिवार को पूरहरा प्राथमिक विद्यालय में विशेष स्वास्थ्य जांच एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में ग्रामीणों की एक्स-रे, रक्तचाप (उच्च), शुगर जांच के साथ-साथ आवश्यक दवाओं का वितरण भी किया गया। शिविर के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने लोगों को टीबी रोग के लक्षण, बचाव एवं समय पर जांच कराने के महत्व की जानकारी दी। प्राप्त आंकड़ों के अनुसार कुल 66 मरीजों का ओपीडी पंजीकरण किया गया, जिसमें 24 पुरुष एवं 42 महिलाएं शामिल थीं। 59 लोगों का एक्स-रे किया गया, 4 लोगों का स्पुटम (कफ) सैंपल संग्रहित किया गया तथा 54 लोगों की एनसीडी (गैर-संचारी रोग) जांच की गई।

कार्यक्रम की निगरानी उपाधीक्षक डॉ. प्रकाश ज्ञानी ने की। इस अवसर पर बिजेंद्र कुमार, सुधांशु शेखर सिन्हा, संतोष कुमार, शहजहां बेगम, सनीवर प्रवीण, रेनू देवी, राहुल कुमार, शमशाद एवं सलेन्द्र कुमार सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य कर्मी उपस्थित रहे। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि 100 दिवसीय अभियान के तहत उच्च जोखिम वाले गांवों में विशेष जांच शिविर लगाकर टीबी मरीजों की पहचान, उपचार और जागरूकता पर जोर दिया जा रहा है, ताकि टीबी मुक्त समाज के लक्ष्य को हासिल किया जा सके।

Post a Comment

0 Comments