कृष्णा कुमार कुशवाहा
चौपारण (हजारीबाग): आगामी श्री जगन्नाथ रथ यात्रा को लेकर जनसंपर्क अभियान तेज हो गया है। इसी कड़ी में गुरुवार को चौपारण से श्री जगन्नाथ रथ यात्रा के प्रचार वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। यह प्रचार वैन क्षेत्र के विभिन्न गांवों और पंचायतों में पहुंचकर लोगों को रथ यात्रा से जुड़ी जानकारी देने के साथ-साथ कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित करेगा। हरी झंडी कार्यक्रम में श्री जगन्नाथ रथ यात्रा प्रबंधन समिति के सचिव राजदेव यादव, समिति संरक्षक रामचंद्र सिंह, आशीष सिंह, उपाध्यक्ष संजय सिंह, उपसचिव सुमन सिंह, मीडिया प्रमुख शशि शेखर, यात्रा संयोजक अभिषेक सिंह, पंकज सिंह सहित कई कार्यकर्ता एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।
समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि प्रचार वैन चौपारण, इटखोरी, मयूरहंड, बरही, पदमा और चंदवारा प्रखंडों के सभी गांवों का भ्रमण करेगा। इसका मुख्य उद्देश्य रथ यात्रा की जानकारी जन-जन तक पहुंचाना तथा लोगों को इस धार्मिक आयोजन से जोड़ना है।
यात्रा संयोजक ने क्षेत्रवासियों से अपील करते हुए कहा कि जब प्रचार रथ उनके गांव या मोहल्ले में पहुंचे तो वे उसका स्वागत करें और अभियान को सफल बनाने में सहयोग दें। उन्होंने कहा कि यह प्रयास रथ यात्रा को अधिक भव्य, दिव्य और जनसहभागिता से परिपूर्ण बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा। प्रचार वाहन के शुभारंभ को लेकर कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखा गया। लोगों ने इसे धार्मिक जागरूकता और सामाजिक एकता को मजबूत करने वाला सराहनीय कदम बताया।

0 Comments