Hot Posts

6/recent/ticker-posts

हजारीबाग उपायुक्त के निर्देश पर ब्लैक स्पॉट एवं दुर्घटना संभावित स्थलों का निरीक्षण


तीव्र एवं अंधे मोड़ सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारण, सुधारात्मक कार्रवाई के दिए गए निर्देश  

एनएचएआई को साइनबोर्ड, रंबल स्ट्रिप एवं चेतावनी संकेतक लगाने तथा पेट्रोल पंप संचालक को सुरक्षा मानकों के अनुपालन का निर्देश  

कृष्णा कुमार कुशवाहा 

हजारीबाग : उपायुक्त हेमंत सती के निर्देशानुसार जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं यातायात सुरक्षा को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन एवं जिला सड़क सुरक्षा टीम द्वारा संयुक्त रूप से ब्लैक स्पॉट तथा दुर्घटना संभावित स्थलों का निरीक्षण किया गया। 

इस संयुक्त निरीक्षण अभियान में जिला परिवहन पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक (यातायात), मोटर यान निरीक्षक (एमवीआई) एवं जिला सड़क सुरक्षा टीम के सदस्य शामिल रहे। टीम ने जिले के विभिन्न चिह्नित ब्लैक स्पॉट एवं दुर्घटना संभावित क्षेत्रों का भौतिक निरीक्षण कर दुर्घटनाओं के कारणों का आकलन किया। निरीक्षण के दौरान मासीपीढ़ी चौक, डेमोटांड़ एवं मोरंगी क्षेत्र में वाहनों की अत्यधिक गति को सड़क दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण पाया गया। वहीं दुर्घटना संभावित यूपी मोड़ पर सड़क की तीव्र ढलान एवं अंधा मोड़ होने के कारण दुर्घटनाओं की आशंका अधिक पाई गई। टीम ने इन स्थलों पर सुरक्षा संबंधी आवश्यक उपायों की तत्काल आवश्यकता पर बल दिया। 

संयुक्त टीम द्वारा एनएचएआई, रांची को निर्देश दिया गया कि चिह्नित दुर्घटना संभावित स्थलों एवं मोड़ों पर अविलंब आवश्यक साइनबोर्ड, रंबल स्ट्रिप, ब्लिंकर तथा गति सीमा संबंधी संकेतक लगाए जाएं, ताकि वाहन चालकों को पूर्व में ही आवश्यक चेतावनी मिल सके और दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।

निरीक्षण के क्रम में मोरंगी स्थित पेट्रोल पंप के संचालक को भी निर्देशित किया गया कि वे अपने प्रतिष्ठान के समीप एवं पहुंच मार्ग पर सड़क सुरक्षा मानकों के अनुरूप आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें, जिससे मुख्य सड़क पर वाहनों की आवाजाही सुरक्षित एवं सुगम बनी रहे।  जिला प्रशासन ने आम नागरिकों एवं वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित गति सीमा का पालन करें, सड़क संकेतकों का सम्मान करें तथा मोड़ों एवं ढलान वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतें।

Post a Comment

0 Comments