मतदान केंद्र स्तरीय अधिकारी जाएंगे हर घर, प्रखंड विकासपदाधिकारी की चेतावनी - 'गड़बड़ी की तो खैर नहीं'
कृष्णा कुमार कुशवाहा
चौपारण (हजारीबाग) : लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत 'मत' को फर्जीवाड़े से बचाने के लिए चौपारण प्रखंड में 'शुद्धिकरण अभियान' शुरू हो गया है। विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत अब मतदान केंद्र स्तरीय अधिकारी घर-घर दस्तक देंगे। उद्देश्य स्पष्ट है – मतदाता सूची से 'अपात्र' हटेंगे, 'पात्र' जुड़ेंगे। सूत्री लक्ष्य: इस बार क्या बदलेगा? नई पीढ़ी को मिलेगा अधिकार: 1 जनवरी 2026 को 18 वर्ष पूरे करने वाले प्रत्येक युवा का नाम मतदाता सूची में जोड़ा जाएगा। 'छद्म मत' होंगे समाप्त: मृत, अन्यत्र स्थानांतरित या अपात्र व्यक्तियों के नाम सूची से हटाए जाएंगे।
त्रुटियां होंगी दुरुस्त: नाम, जन्मतिथि, पते की प्रत्येक गलती को मौके पर सुधारा जाएगा। प्रखंड विकास पदाधिकारी-अंचल अधिकारी ने पढ़ाया 'कर्तव्य का पाठ' प्रखंड कार्यालय में पर्यवेक्षक, मतदान केंद्र स्तरीय अधिकारी एवं सहायक अधिकारियों की संयुक्त बैठक में प्रखंड विकास पदाधिकारी नितेश भास्कर ने स्पष्ट कहा, "मतदाता सूची लोकतंत्र का प्राण है।
इसमें एक भी अपात्र नाम स्वीकार नहीं होगा और एक भी पात्र नागरिक छूटना नहीं चाहिए।" अंचल अधिकारी संजय यादव ने चेतावनी दी, "मतदान केंद्र स्तरीय अधिकारी किसी जनप्रतिनिधि या प्रभावशाली व्यक्ति के दबाव में न आएं।
निष्पक्षता से कार्य करें, लापरवाही पर कठोर कार्रवाई होगी।" जन सहयोग से ही बनेगी 'निर्दोष सूची' प्रखंड विकास पदाधिकारी नितेश भास्कर ने आम जनता से आग्रह किया, "मतदान केंद्र स्तरीय अधिकारी जब आपके द्वार आए तो पूर्ण सहयोग करें। यदि आपका या परिवार के किसी सदस्य का नाम नहीं है, नाम गलत है या हटवाना है, तो निर्धारित प्रपत्र भरकर तत्काल दें।" उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों, समाजसेवियों और सभी राजनीतिक दलों के मतदान केंद्र स्तरीय अभिकर्ताओं से कहा, "यह केवल चुनाव नहीं, लोकतंत्र रक्षा का अभियान है। कंधे से कंधा मिलाकर साथ दें।"
निर्वाचन आयोग का यह सबसे व्यापक सत्यापन अभियान है। इसके पश्चात चौपारण की मतदाता सूची देश की सबसे विश्वसनीय सूचियों में सम्मिलित होगी। फर्जी मतदान पर पूर्णतः अंकुश लगेगा। आगामी चुनावों में प्रत्येक वास्तविक मतदाता निर्बाध रूप से अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेगा।

0 Comments