Hot Posts

6/recent/ticker-posts

पंचायत भवन के सामने 'नशे का अड्डा' बना गूँगटी बाजार, पुलिस की छापेमारी से मचा हड़कंप



ताजपुर में सरकारी जमीन पर अतिक्रमण कर बिक रहा आपत्तिजनक सामान, ग्रामीणों ने हटाने की मांग की  

कृष्णा कुमार कुशवाहा 

चौपारण (हजारीबाग): प्रखंड के ताजपुर पंचायत भवन के सामने सरकारी भूमि पर अवैध रूप से लगी गूँगटीयों में मादक पदार्थ और आपत्तिजनक सामग्री बेचे जाने की सूचना पर चौपारण पुलिस ने शनिवार को बड़ी छापेमारी की। एसआई दिव्य प्रकाश के नेतृत्व में पहुंची पुलिस टीम को देखकर गूँगटी संचालकों में हड़कंप मच गया। पंचायत भवन के सामने रहने वाले मनीष रंजन ने कुछ दिन पूर्व अंचल अधिकारी संजय यादव को लिखित शिकायत देकर बताया था कि इन गूँगटीयों में प्रतिदिन देर रात तक असामाजिक तत्वों और नशेड़ियों का जमावड़ा लगा रहता है। इससे आसपास के बच्चों पर गलत प्रभाव पड़ रहा है। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया था कि लोहार पट्टी निवासी विकास केशरी ने सरकारी भूमि की बाउंड्री तोड़कर अतिक्रमण करते हुए गूँगटी लगा रखी है, जहां आपत्तिजनक सामान की बिक्री की आशंका है।अंचल अधिकारी ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पत्राचार के माध्यम से चौपारण थाना को कार्रवाई के लिए अग्रेषित किया। इसके बाद थाना प्रभारी के निर्देश पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की।

 पुलिस ने गूँगटी संचालकों को सख्त चेतावनी दी कि भविष्य में असामाजिक तत्वों का जमावड़ा नहीं होने दिया जाए। साथ ही संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने का निर्देश दिया।स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पंचायत भवन के सामने सरकारी भूमि पर अतिक्रमण कर लगाई गई सभी गूँगटीयों को तत्काल हटाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि इन अवैध गूँगटी से क्षेत्र का माहौल खराब हो रहा है और कानून-व्यवस्था पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। पंचायत भवन, सरकारी इमारत के सामने इस तरह की गतिविधियां प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल खड़े करती हैं। पुलिस ने बताया कि मामले में जांच और आवश्यक कार्रवाई जारी है। दोषी पाए जाने पर संबंधित लोगों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

0 Comments