Hot Posts

6/recent/ticker-posts

Chauparan Hospital : एक डाक्टर के भरोसे चल रहा सामुदायिक अस्पताल



चौपारण : सामुदायिक अस्पताल में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ डीएन ठाकुर एवं पूर्व प्रभारी डॉ फरहाना महफूज के स्थानांतरण के बाद स्वास्थ्य व्यवस्था प्रभावित हो गयी है. फिलहाल अस्पताल में केवल एक एमबीबीएस चिकित्सक के भरोसे करीब 26 पंचायतों की लगभग दो लाख आबादी की स्वास्थ्य सेवाएं संचालित हो रही हैं. चिकित्सकों की कमी के कारण मरीजों को समय पर इलाज नहीं मिल पा रहा है. हजारीबाग जिले के सबसे बड़े प्रखंड चौपारण के इस अस्पताल में प्रतिदिन सैकड़ों मरीज ओपीडी, प्रसव, आपातकालीन सेवा और जीटी रोड पर होने वाली सड़क दुर्घटनाओं के बाद उपचार के लिए पहुंचते हैं. इसके अलावा टीकाकरण और विभिन्न सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं का संचालन भी यहीं से होता है. दो चिकित्सकों के तबादले के बाद इन सभी सेवाओं का अतिरिक्त भार एकमात्र एमबीबीएस चिकित्सक डॉ पुष्पा कुमारी पर आ गया है.

चिकित्सकों की कमी से ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले मरीजों को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है. कई गंभीर मरीजों को बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग और अन्य अस्पतालों में रेफर किया जा रहा 

है, जिससे गरीब परिवारों पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है. फिलहाल डॉ डीएन ठाकुर अस्पताल में मरीजों का इलाज कर रहे हैं, लेकिन उनके कार्यमुक्त होने के बाद अस्पताल में केवल एक एमबीबीएस चिकित्सक और आयुष चिकित्सकों के भरोसे व्यवस्था चलेगी. स्थानीय लोगों, सामाजिक संगठनों और जनप्रतिनिधियों ने राज्य सरकार एवं स्वास्थ्य विभाग से मांग की है कि नये चिकित्सकों की नियुक्ति होने तक डॉ डीएन ठाकुर को चौपारण में ही पदस्थापित रखा जाये. उनका कहना है कि 26 पंचायतों की बड़ी आबादी को एक डॉक्टर के भरोसे छोड़ना गंभीर लापरवाही होगी.उनके नहीं रहने पर अस्पताल पूर्ण रूप से प्रभावित होंगी.

Post a Comment

0 Comments