Hot Posts

6/recent/ticker-posts

चौपारण में अफीम तस्करों और पुलिस में मुठभेड़, एक तस्कर को लगी गोली, दो देसी पिस्टल और अफीम बरामद

हथिया बाबा मंदिर के पास छापेमारी के दौरान भाग रहे आरोपी ने पुलिस पर की फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में घायल

कृष्णा कुमार कुशवाहा 

चौपारण (हजारीबाग)। चौपारण थाना क्षेत्र में अफीम की खरीद-फरोख्त और हथियारबंद अपराधियों के खिलाफ पुलिस ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई की। हथिया बाबा मंदिर के पास हुई इस मुठभेड़ में एक आरोपी घायल हो गया, जबकि दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस के अनुसार एसपी को गुप्त सूचना मिली थी कि हथिया बाबा मंदिर के आसपास कुछ लोग हथियार के साथ अफीम की खरीद-फरोख्त में जुटे हैं। सूचना के सत्यापन के बाद थाना प्रभारी पंकज कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शनिवार को उक्त इलाके में छापेमारी की।

पुलिस को देख मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। दो लोगों को पुलिस ने पकड़ लिया, जबकि एक व्यक्ति जंगल की ओर भागने लगा। पुलिस का दावा है कि भागने के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके बाद आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी घायल हो गया।

घायल की पहचान अजय सिंह, पिता - चापी गांव, बाराचट्टी थाना, गया (बिहार) के रूप में हुई है। पैर में गोली लगने के बाद पुलिस ने उसे तत्काल बरही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित रिम्स रेफर कर दिया गया है।

घटनास्थल से दो देसी पिस्टल, जिंदा कारतूस, खोखा और अफीम बरामद की गई है। हालांकि बरामद अफीम की मात्रा को लेकर पुलिस ने अभी आधिकारिक जानकारी नहीं दी है।

थाना प्रभारी पंकज कुमार ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अफीम और हथियार के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

Post a Comment

0 Comments