Hot Posts

6/recent/ticker-posts

हज़ारीबाग का चौपारण GT रोड बना मौत का रोड, पिकअप ने बुजुर्ग को कुचला, बाल-बाल बची जान

जीटी रोड के अवैध कट बन रहे काल

कृष्णा कुमार कुशवाहा 

चौपारण (हजारीबाग)। चौपारण का जीटी रोड एक बार फिर खून से लाल हो गया। शनिवार को दिनदहाड़े हीरो शोरूम के सामने मुर्गा लदे तेज रफ्तार पिकअप वैन ने 75 वर्षीय बुजुर्ग को मौत के मुंह में धकेल दिया।

घायल की पहचान केदार सोनार (75 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जाता है कि केदार अपनी टीवीएस एक्सएल 100 मोपेड से जा रहे थे, तभी पीछे से आ रहे बेलगाम पिकअप ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि मोपेड सहित बुजुर्ग पिकअप के अगले पहिए के नीचे घुस गए। तस्वीरें दिल दहला देने वाली हैं - मोपेड का पहिया टूटकर बिखर गया और सड़क पर चीख-पुकार मच गई।

स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए बुजुर्ग को गाड़ी के नीचे से निकाला। सूचना पर पहुंचे परिजन उन्हें लहूलुहान हालत में हजारीबाग ले गए, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।

सवाल प्रशासन पर: अवैध कट कब बंद होंगे? यह हादसा महज एक एक्सीडेंट नहीं, बल्कि सिस्टम की लापरवाही का नतीजा है। स्थानीय लोगों का साफ आरोप है कि जीटी रोड पर जगह-जगह अवैध रूप से सड़क काटकर संपर्क मार्ग बना दिए गए हैं। न कोई स्पीड ब्रेकर, न कोई संकेतक, न कोई ट्रैफिक पुलिस। तेज रफ्तार में NH पर दौड़ते भारी वाहन और अचानक कट से मुड़ते दोपहिया वाहन आमने-सामने आ जाते हैं।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी है - "आज केदार सोनार बचे हैं, कल कोई और नहीं बचेगा। अगर NHAI और प्रशासन ने इन मौत के कटों को तुरंत बंद नहीं किया तो हम सड़क जाम करने को मजबूर होंगे।"

फिलहाल पुलिस ने पिकअप को कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच कर रही है।

Post a Comment

0 Comments